Zomato workers strike
पलामू। 11 सूत्री मांगों को लेकर जोमैटो कर्मियों की हड़ताल गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। अपनी मांगों के समर्थन में पूर्वाह्न 11 बजे मेदिनीनगर में कर्मियों ने प्रदर्शन किया और कंपनी से अविलंब समस्याओं के समाधान की मांग की। हड़ताल के कारण जिले में ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवा पूरी तरह ठप रही। बताया गया कि बुधवार से जिले के करीब 100 जोमैटो कर्मी हड़ताल पर हैं। कर्मी श्रम कानून के तहत वेतन निर्धारण, कमीशन और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
श्रम कानून के अनुसार
जोमैटो कर्मियों की प्रमुख मांगों में श्रम कानून के अनुसार मजदूरी तय करना, प्रत्येक राइडर का बीमा, यात्रा भत्ता, इंसेंटिव में बढ़ोतरी, रेस्टोरेंट वेटिंग टाइम भत्ता, जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल की सुविधा, कंपनी अधिकारियों द्वारा श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा के प्रयोग पर रोक, आठ घंटे कार्य के बाद ओवरटाइम इंसेंटिव, मेदिनीनगर में कंपनी का कार्यालय स्थापित करना और जोमैटो श्रमिक मदन पासवान व दिलीप कुमार की पूर्व दुर्घटना में मुआवजा देना शामिल है।
प्रदर्शन के दौरान सुमित पाठक, नीरज वर्मा, शकील अंसारी, राजकुमार, संदीप, मदन, नवनीत, रोहित, विकी, कौशलेंद्र, शैलेंद्र, रतन सहित कई जोमैटो कर्मी मौजूद रहे।

