हजारीबाग के इस रेस्टोरेंट की मालकिन क्यों बन गई हत्यारी: इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी प्रशांत की हत्या की वजह प्यार नहीं पैसा

4 Min Read


जमशेदपुर। जमशेदपुर के बिरसानगर के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी प्रशांत सिन्हा की हत्या की वजह प्यार या लव ट्राएंगल नहीं, बल्कि पैसा ही है।

रुपये मांगने से नाराज उसकी प्रेमिका ने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। उसकी प्रेमिका हजारीबाग के लोहसिंघना न्यू एरिया निवासी काजल सुमन थी।

काजल ने अपने साथी रौनक कुमार के साथ मिलकर प्रशांत का गला दबाकर हत्या की थी। हत्या का कारण प्रशांत सिन्हा द्वारा प्रेमिका काजल से रुपये की मांग करना ही था।

यह खुलासा जमशेदपुर पुलिस ने किया है। प्रशांत सिन्हा हजारीबाग की प्रेमिका काजल पर रुपये लौटाने का दबाव बना रहा था। पुलिस के अनुसार काजल ने झांसा देकर प्रशांत से करीब 20 लाख रुपये वसूले थे।

ठगी के रुपये से ही काजल ने हजारीबाग में एक रेस्टोरेंट एटमॉसफेयर शुरू किया था। जिस पर करीब 20 लाख रुपये खर्च आया था। ये रुपये काजल ने प्रशांत को झांसा देकर लिया था।

पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि 11 मार्च को साजिश के तहत काजल सुमन कार से प्रशांत को हजारीबाग ले गयी। वह हजारीबाग से ही किराये पर कार लेकर सोनारी पहुंची थी। उसने फोन कर प्रशांत को सोनारी बुलाया और साथ हजारीबाग रवाना हो गयी।

हजारीबाग पहुंचने पर काजल ने फोन कर अपने साथी रौनक कुमार वर्मा को बुलाया। रौनक स्कूटी से मौके पर पहुंचा। इसके बाद दोनों रौनक कुमार वर्मा के खटाल पर पहुंचे।

वहां रुपये को लेकर काजल और प्रशांत के बीच विवाद हो गया। इसके बाद रौनक और काजल ने गला दबाकर प्रशांत की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसके शव को बोरा में बंद कर स्कूटी से छड़वा पुल के नीचे फेंक दिया।

एसएसपी ने बताया कि 12 मार्च को प्रशांत की बहन ने बिरसानगर थाने में गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था। इसके बाद सिटी एसपी की अगुवाई में टीम गठित कर मामले की जांच शुरू हुई। जांच के क्रम में किराये की कार का पता चला।

कार चालक ने स्वीकार किया कि वह प्रशांत और काजल को लेकर हजारीबाग गया था। इसके बाद पुलिस ने काजल से संपर्क करने का प्रयास किया।

लेकिन काजल ने पहले तो पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया। बाद में कानूनी दांव-पेच भी करने लगी। लेकिन, जब कार चालक और काजल को आमने-सामने किया गया, तो सच्चाई उसने बयां कर दी।

इसके बाद उसकी निशानदेही पर रौनक कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया गया। फिर प्रशांत कुमार सिन्हा के शव को बरामद किया गया। एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि प्रशांत की कलाई घड़ी और मोबाइल चार्जर बरामद कर लिया गया है।

जबकि हत्या के बाद शव को छुपाने में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। शव पूरी तरह सड़ गया था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद अंतिम संस्कार हुआ। गिरफ्तार काजल सुमन और रौनक कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

फेसबुक के माध्यम से प्रशांत और काजल की दोस्ती वर्ष 2019 में हुई थी। वो लोग एक साथ दिल्ली समेत अन्य कई स्थानों पर गये थे। प्रशांत ने ही काजल की कई लोगों से पहचान करायी थी।

प्रशांत ने घरवालों को रांची जाने की बात कही थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। 12 मार्च को बहन ने बिरसानगर थाने में गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया।

फिर 22 मार्च को पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। बीते शनिवार को प्रशांत का शव पुलिस ने हजारीबाग के छड़वा पुल के पास एक प्लास्टिक के बोरा से बरामद किया था।

इसे भी पढ़ें

1 अप्रैल की महत्त्वपूर्ण घटनाएं

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं