कौन हैं झारखंड के नए राज्यपाल संतोष गंगवार ? [Who is Santosh Gangwar, the new Governor of Jharkhand?]

3 Min Read

झारखंड के नए राज्यपाल संतोष गंगवार आठ बार के सांसद

रांची। संतोष गंगवार झारखंड के नए राज्यपाल होंगे। राष्ट्रपति भवन ने जानकारी देते हुए बताया कि संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है, जबकि झारखंड के राज्यपाल रहे सीपी राधाकृष्णन अब महाराष्ट्र के राज्यपाल होंगे।

सीपी राधाकृष्णन से पहले रमेश बैस झारखंड के राज्यपाल थे। संयोग से सीपी राधाकृष्णन की तरह उन्हें भी झारखंड के बाद महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया था।

झारखंड में पिछले तीन साल एक महीने के भीतर दो राज्यपाल बदले जा चुके हैं। संतोष गंगवार झारखंड के 12वें राज्यपाल होंगे।

संतोष गंगवार का जीवन परिचय

संतोष गंगवार का जन्म एक नवंबर 1948 को उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हुआ था। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा आगरा विश्वविद्यालय और रोहिलखंड विश्वविद्यालय से प्राप्त की है।

संतोष गंगवार के पास बीएससी और एलएलबी की डिग्री है। संतोष गंगवार भाजपा के उन नेताओं में शुमार हैं जो आपातकाल के दौरान पूर्ण रूप से सक्रिय थे और जेल भी गए थे। संतोष गंगवार अपने जीवन का पहला चुनाव 1989 में जीते थे।

1989 के आम चुनाव में भाजपा ने उन्हें बरेली से अपना उम्मीदवार बनाया था। उनके खिलाफ थी पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद की पत्नी बेगम आबिदा, जो 1981 और 1984 के आम चुनाव में संतोष गंगवार को हरा चुकी थी। लेकिन 1989 के चुनाव में पासा पलटा और संतोष गंगवार पहली बार सांसद बने।

इसके बाद वे लगातार पांच बार बरेली से चुनाव जीते और संसद में एक मजबूत नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई। हालांकि छठी बार 2009 में उन्हें कांग्रेस के प्रवीण सिंह अरोन के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा।

हालांकि 1989 के बाद यह पहली और आखिरी बार था जब वे चुनाव हारे हों। क्योंकि 2014 और 2019 में उन्होंने दोबारा से बरेली की सीट को अपने नाम किया। संतोष गंगवार 2019 के लोकसभा चुनाव तक बरेली सीट पर भाजपा की पहली पसंद रहे।

हालांकि 2024 के चुनाव में पार्टी ने उन्हें बरेली से टिकट नहीं दिया। उनकी बजाए पार्टी ने छत्रपाल सिंह गंगवार को बरेली से टिकट दिया था जो चुनाव जीत भी गए। सांसद रहने के दौरान संतोष गंगवार कई अहम पदों पर रह चुके हैं।

संतोष गंगवार अटल बिहारी वाजपेयी की मंत्रिपरिषद में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री के पद पर नियुक्त थे।

इसके अलावा वे पूर्व में केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री और स्वतंत्र प्रभार केन्द्रीय राज्य कपड़ा मंत्री रह चुके हैं।

आठ बार सांसद रहे संतोष गंगवार के बारे में कहा जाता है कि वे आम तौर पर मीडिया से दूर रहते हैं और बेहद ही सरल स्वभाव के हैं।

इसे भी पढ़ें

बरेली से 8 बार के सांसद रहे संतोष गंगवार बने झारखंड के नये राज्यपाल

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं