राजनगर : मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा है कि हेमंत ने गरीबों को रोटी, कपड़ा, मकान, पेंशन, शिक्षा आदि दिया तो भाजपा को पेट में दर्द हो गया।
इसके बाद उन्हें झूठे आरोप में जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ झूठ की राजनीति करती है। दस साल तक केवल झूठ बोल कर देशवासियों को गुमराह किया।
झारखंड की जनता को भाजपा सरकार ने धोखा देने का काम किया है। अबकी बार 400 पार नारा सिर्फ जुमला है, 150 पार भी नहीं कर रही।
वे सोमवार को राजनगर फुटबॉल मैदान में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।
सीएम चंपई ने कहा कि जिस तरह भाजपा ने 2014 में हर गरीब जनता के खाते में 15-15 लाख रुपये भेजने की बात कही थी।
हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। 2022 तक हर गरीब परिवार को पीएम आवास देने का वादा किया था, लेकिन इनमें से कोई वादा पूरा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि इस बार फिर गारंटी का जुमला फेंका है। आखिर भाजपा की कौन सी गारंटी है। कोई समझ नहीं पा रहा है।
भाजपा महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दे से भाग रही है। मनमोहन सरकार में थोड़ा बहुत गैस का दाम बढ़ने पर सिलेंडर सिर पर उठा लेती थी।
सीएम ने कार्यकर्त्ताओं को सचेत करते हुए कहा इस बार भाजपा के झूठे वादे में न फंसे। यह तो विधानसभा चुनाव में भी 65 पार का नारा लगाती थी, लेकिन 25 अटक गई। 2024 का चुनाव देश और राज्यवासियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दस साल से भाजपा ने जनता को ठगने का काम किया। राज्य में आठ लाख गरीबों को पीएम आवास के लिए सूची बनी हुई थी, लेकिन केंद्र ने एक पैसा नहीं दिया।
केंद्र ने पीएम आवास का अपना हिस्सा का पैसा रोक दिया। कई बार पत्राचार करने बाद भी नहीं दिया। गरीबों को धोखा दिया।
इसे भी पढ़ें








