रांची। झारखंड में अभी कुछ दिन मौसम खुशनुमा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रांची समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाएंगे और आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
इसके साथ ही आंधी और बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। बीते रविवार को दोपहर तक लोग कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी से काफी परेशान थे।
लेकिन दोपहर में तेज हवा और वज्रपात के साथ-साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान ओलावृष्टि भी हुई।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रांची एवं आसपास के क्षेत्रों में अगले 4 दिन गरज के साथ हल्की बारिश होगी।
पलामू प्रमंडल के आसपास के इलाके को छोड़कर राज्य के अलग-अलग भागों में बारिश होनी की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने 24 मई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 21 मई को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात के साथ-साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को हुई बारिश से राज्य के विभिन्न हिस्सों के तापमान में गिरावट आई है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के नीचे पहुंच गया है।
राज्य में सबसे अधिक बारिश 22.8 एमएम पूर्वी सिंहभूम में दर्ज की गयी है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस देवघर तो सबसे कम चाईबासा में 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
इसे भी पढ़ें









