मौसम अलर्ट:सुबह-सुबह तेज आंधी-बारिश, राजधानी में कई पेड़ गिरे, बिजली गुल

2 Min Read

रांची। झारखंड मौसम की मार झेल रहा है। सोमवार तड़के तेज आधी के साथ बारिश हुई है। इसके कारण सुबह-सुबह राजधानी में जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

राजधानी के कई इलाकों में पेड़ गिर गये हैं। इसके कारण शहर के बड़े इलाके में बिजली सुबह से ही गुल है।

इतना ही नहीं, कई इलाकों में सड़क भी जाम हो गये, जिसके कारण स्कूली बसें देर तक जाम में फंसी रहीं।

बता दें कि स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, जिसके कारण अभिभावकों को ही बच्चों को स्कूल पहुंचाने की परेशानी उठानी पड़ी।

बरियातू रोड में कब्रिस्तान के सामने एक बड़ा पेड़ गिर जाने की वजह से बिजली का तार टूट गया है और सड़क पर जाम लगा हुआ है।

बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है।

रविवार को भी रांची, गढ़वा-पलामू, खूंटी व सिमडेगा में छिटपुट बारिश हुई थी। रिमझिम फुहार से मौसम सुहाना हो गया है। साथ ही ठंडक भी बढ़ गई है।

सोमवार को भी रांची एवं आसपास के इलाकों में दिन में भी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवा चल सकती है।

6 व 7 मार्च को राज्य के मध्य और दक्षिणी भाग में बारिश हो सकती है। झारखंड में 7 मार्च तक मौसम में बदलाव होता रहेगा। 8 मार्च से मौसम साफ हो जायेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों की अपेक्षा अधिकतम तापमान में गिरावट आयी है, लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो गयी है।

मौसम केंद्र के मुताबिक, 5 मार्च को कहीं- कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। लेकिन 7 मार्च को फिर राजधानी में बारिश के आसार हैं।

राजधानी रांची के आज का अधिकतम तापमान 26 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इसे भी पढ़ें

बाबूलाल का भाजपा कार्यकर्ताओं को निर्देश: 400 पार की तैयारियों में जुट जायें

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं