RIMS water crisis
रांची। रांची स्थित राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में एक बार फिर सुविधाओं की कमी सामने आई है। मंगलवार को रिम्स के मेडिसन वार्ड के C-2 में अचानक पानी की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार, यह समस्या उस समय सामने आई जब मरीज बाथरूम में थे। वार्ड के बाथरूम में पानी नहीं आने से मरीजों की दैनिक जरूरतें प्रभावित हुईं और परिजनों को भी कठिन हालात का सामना करना पड़ा। जब परिजनों ने इसकी शिकायत वार्ड में तैनात नर्स और अन्य कर्मचारियों से की तो उन्होंने असमर्थता जताई।
सुचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं
बताया जा रहा है कि वार्ड बॉय और नर्सिंग स्टाफ की ओर से कई बार संबंधित विभाग को सूचना देने के बावजूद घंटों तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। पानी की किल्लत के चलते मरीजों और उनके परिजनों की स्थिति दयनीय बनी रही। मजबूरी में परिजनों को अस्पताल परिसर से बाहर जाकर बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा।
घटना ने एक बार फिर रिम्स प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और उनके परिजनों ने जल्द समाधान और ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न होने की मांग की है।










