कल होगी फर्स्ट फेज की 43 सीटों पर वोटिंग, पोलिंग पार्टियां रवाना [Voting will be held tomorrow on 43 seats of the first phase, polling parties leave]

IDTV Indradhanush
3 Min Read

रांची। झारखंड के 43 विधानसभा क्षेत्रों में होनेवाले पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार सोमवार शाम थम गया। इस चरण में 13 नवंबर को सुबह 7 बजे से वोट डाले जायेंगे। दूरी और सुरक्षा की दृष्टि से चयनित ग्रामीण क्षेत्रों के 939 बूथों पर शाम 4 बजे तक वोट डाले जायेंगे।

अन्य सभी मतदान केंद्रों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा। प्रचार समाप्ति के बाद अब प्रत्याशियों को केवल डोर-टू-डोर जनसंपर्क की अनुमति है।

पोलिंग पार्टियां हुईं रवानाः

चुनाव के मद्देनजर पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गयी है। सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और गढ़वा के 194 बूथों पर हेलीड्रापिंग के माध्यम से चुनाव कर्मियों को पहुंचाया गया। 12 नवंबर को शेष सभी बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां भेजी जायेंगी।

मंगलवार शाम तक सभी चुनाव कर्मियों को उनके बूथों पर पहुंचा दिया जायेगा। बुधवार 13 नवंबर की सुबह 5 बजे से ही मतदान की प्रक्रिया हो जायेगी। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी व वेबकास्टिंग के जरिये चुनाव आयोग की सीधी नजर रहेगी। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की भी व्यापक व्यवस्था की गयी है।

सभी 43 सीटों पर कड़ा मुकाबलाः

पहले चरण की 43 सीटों में से हर सीट पर मुकाबला कड़ा है। इंडिया गठबंधन, एनडीए और कुछ छोटे दलों की साख इस चुनाव में फंसी है। आर-पार की लड़ाई है। इंडिया और एनडीए गठबंधन को सत्ता तक रास्ता तय करने के लिए इन सीटों से विरोधियों के कांटे हटाने होंगे। झामुमो, बीजेपी, कांग्रेस, आजसू सबके सामने चुनौती है।

जिन 43 सीटों पर पहले चरण में झारखंड विधानसभा चुनाव होने हैं उनमें से 17 पर झामुमो ने पिछले चुनाव में जीत दर्ज की थी। झामुमो के सामने यह आंकड़ा बरकरार रखने की चुनौती है। वहीं, बीजेपी ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की थी। बीजेपी के लिए यह ग्राफ बढ़ाने के लिए जूझना होगा, तब ही बात बनेगी। पिछले चुनाव में इन सीटों पर कांग्रेस 8 पर फतह कर पायी थी।

कई दिग्गजों की साख दावं परः

इंडिया गठबंधन को अच्छा करना है, तो कांग्रेस को अपनी सीटें बढ़ानी होंगी। पहले चरण में आजसू चार सीटों- लोहरदगा, जुगसलाई, ईचागढ़ और मनोहरपुर के लिए चुनावी मैदान में है। एनडीए को आजसू के प्रदर्शन का भरोसा है।

इन 43 सीटों से कई दिग्गजों की साख जुड़ी है। पूर्व सीएम चंपई सोरेन सरायकेला से चुनाव लड़ रहे हैं, उनके सामने गणेश महाली मैदान में हैं। इधर, वर्तमान सरकार के 4 मंत्रियों की परीक्षा भी पहले चरण में ही हो जायेगी। गढ़वा से मंत्री मिथिलेश ठाकुर, चाईबासा से दीपक बिरुआ, जमशेदपुर पश्चिम से बन्ना गुप्ता और लोहरदगा से डॉ रामेश्वर उरांव मैदान में हैं।

इसे भी पढ़ें

झारखंड में चुनाव को लेकर ये 5 दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं