कोलकाता। पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव काउंटिंग के दौरान भी हंगामा और बवाल जारी है। हावड़ा में एक मतदान केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में जमा हुए लोगों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने लाठीचार्ज किया। आरोप है कि एकदम से वहां आई भीड़ ने मतगणना केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास किया। सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन वे जबरन अंदर जाने लगे, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। राज्य में आज पंचायत चुनाव की मतगणना हो रही है। एक काउंटिंग सेंटर के बाहर बम भी फेंका गया।
बांकुरा से लेकर पूर्वी वर्दमान तक टीएमसी आगे
ताजा चुनाव रुझानों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अभी तक पूर्वी बर्धमान की 215 ग्राम पंचायत सीटों में से 43 पर आगे चल रही है। पश्चिम मेदिनीपुर की 185 ग्राम पंचायत सीटों में से 73 भी टीएमसी ही आगे चल रही है। बांकुरा की 190 ग्राम पंचायत सीटों में से 50 पर भी टीएमसी ही आगे चल रही है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों को अभी तक कोई भी सीट हासिल नहीं हुई है।







