Vinay Choubey: आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई, Vinay Choubey के रिश्तेदार से जुड़ी प्रॉपर्टी डील में कारोबारी अरेस्ट

2 Min Read

Vinay Choubey

रांची। रांची में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के बहुचर्चित मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के कारोबारी सरदार सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पूर्व वरिष्ठ अधिकारी विनय चौबे से जुड़े एक संदिग्ध फ्लैट सौदे की जांच के दौरान की गई है। एसीबी ने सरदार सुरेंद्र सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया था, जहां संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मुकुंद अपार्टमेंट के फ्लैट सौदे पर जांच

एसीबी अधिकारियों के अनुसार मामला रांची के लालपुर स्थित मुकुंद अपार्टमेंट के एक फ्लैट से जुड़ा है। जांच में सामने आया है कि यह फ्लैट सरदार सुरेंद्र सिंह ने प्रियंका त्रिवेदी के नाम बेचा था। प्रियंका त्रिवेदी, विनय चौबे के साले शीपिज की पत्नी हैं। यह फ्लैट करीब 43 लाख रुपये में खरीदा गया था। जांच एजेंसी को संदेह है कि यह लेनदेन आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की योजना का हिस्सा था।

करीबी कारोबारी की पत्नी तक पहुंचा फ्लैट

एसीबी की जांच में एक और अहम खुलासा हुआ है। प्रियंका त्रिवेदी के नाम पर खरीदे गए इसी फ्लैट को बाद में विनय चौबे के करीबी माने जाने वाले कारोबारी विनय सिंह की पत्नी को बेच दिया गया। एजेंसी का मानना है कि इस तरह के लेनदेन के जरिए संपत्ति को घुमाया गया ताकि वास्तविक लाभार्थी को छिपाया जा सके।

पूछताछ में जवाब नहीं दे पाए कारोबारी

एसीबी सूत्रों के मुताबिक सरदार सुरेंद्र सिंह से फ्लैट की खरीद-बिक्री, पैसों के स्रोत और बैंक ट्रांजैक्शन को लेकर विस्तृत पूछताछ की गई, लेकिन वह कई सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसी आधार पर एसीबी ने गिरफ्तारी का फैसला लिया। फिलहाल एजेंसी इस सौदे से जुड़े दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है, जबकि मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

Share This Article