ग्रामीणों ने लोहरदगा-गुमला NH को किया जाम, किशोर की मौत का कर रहे विरोध [Villagers block Lohardaga-Gumla NH, protesting against teenager’s death]

2 Min Read

लोहरदगा। लोहरदगा जिला के सेन्हा मुख्यालय में आक्रोशित ग्रामीणों ने लोहरदगा-गुमला एनएच 143 ए को जाम कर दिया है। सड़क जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर दर्जनों यात्री और मालवाहक वाहन फंसे हुए हैं।

मामला बीते 18 जुलाई को सेन्हा में मोहर्रम मेला के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल किशोर की मौत से जुड़ा है। घायल किशोर का रांची के रिम्स में इलाज चल रहा था।

दो पक्षों के बीच हुआ था विवादः

बताया जा रहा है कि विगत 18 जुलाई को लोहरदगा जिला के सेन्हा प्रखंड मुख्यालय में मोहर्रम मेला सह अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।

इसी दौरान ढोल बजाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के युवाओं और किशोर के बीच मारपीट हो गई थी। इस घटना में सेन्हा निवासी जावेद अंसारी के 17 वर्षीय पुत्र दिलकश रजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

दिलकश को इलाज के लिए रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया था। जहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार की रात दिलकश की मौत हो गई। जिसके बाद शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने लोहरदगा-गुमला राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 143ए को सेन्हा में जाम कर दिया।

ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाये गंभीर आरोपः

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी। ग्रामीण आरोपित की त्वरित गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद सीडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, सेन्हा बीडीओ, सेन्हा सीओ, सेन्हा थाना प्रभारी सहित पुलिस-प्रशासन के वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं।

ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक जाम नहीं खुल पाया है।

इसे भी पढ़ें

सड़क पर धनरोपनी कर ग्रामीणों ने जताया विरोध

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं