शहर की ट्रैफिक में बदलाव
रांची। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रविवार को धनबाद में रहेंगे। उपराष्ट्रपति यहां शाम पांच बजे से आइआइटी आइएसएम के 43वें दीक्षांत समारोह में 2022-23 बैच के छात्रों के बीच डिग्रियां बांटेंगे। उनके आगमन और सुरक्षा कारणों को देखते हुए सुगम यातायात के लिए शहर के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
दो घंटे तक शहर में वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। कईयों का मार्ग भी बदला गया है। गिरिडीह-जामताड़ा की ओर से धनबाद, सिंदरी की तरफ से गोविंदपुर होते हुए धनबाद और पश्चिम बंगाल की ओर से धनबाद आने वाले भारी वाहनों के लिए नो एंट्री प्वाइंट बनाए गए हैं। यह नो एंट्री रविवार संध्या चार बजे से प्रभावी रहेगी।
इसके साथ ही बरटांड़ बस स्टैंड एवं धनबाद रेलवे स्टेशन से चलने वाली सभी यात्री बसें अस्थाई बस स्टैंड कुर्मीडीह मोड़-बिरसा मुंडा पार्क के पास सुबह नौ से रात्रि नौ बजे तक चलेंगी। इनका शहर के अंदर प्रवेश निषेध रहेगा। उपराष्ट्रपति का कारकेड आगे बढ़ने के बाद आवश्यकतानुसार रास्ता खोल दिया जाएगा।
किसान चौक बरवाअड्डा थाना से बराकर ब्रिज मैथन ओपी तक कारकेड के आवागमन के दौरान सामान्य यातायात पर सामयिक पाबंदी लगाई जाएगी। सड़क के दोनों ओर वाहन पड़ाव वर्जित रहेगा। किसान चौक से मेमको मोड़, सिटी सेंटर, लुबी सर्कुलर रोड़, रणधीर वर्मा चौक, पुलिस लाइन होते हुए आइआइटी आइएसएम गेट सरायढेला थाना मोड़ तक कारकेड के आवागमन पर सामान्य यातायात पर पाबंदी रहेगी।
सड़क के दोनों ओर वाहन पड़ाव भी नहीं रहेगा। यह भी स्पष्ट किया गया है कि रास्ते में गाड़ियां खड़ी करने वाले चालक एवं मालिकों पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।








