नशे में मिले तो जब्त होगी गाड़ी, लाइसेंस रद्द
डेंजर जोन में गये, तो होंगे गिरफ्तार
रांची। न्यू ईयर को लेकर जहां एक ओर लोग मौज मस्ती में डूबे हैं, वहीं, पुलिस प्रशासन भी विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए तत्पर है। नये साल का जश्न मनाने के लिए रांची के पिकनिक स्थलों पर भीड़ जुटी है। रविवार रात नववर्ष का जश्न मनाने के लिए सभी होटल, रेस्टोरेंट, प्रमुख पार्क में तैयारी पूरी हो गई है। सोमवार को शहर के पार्क, जलाशय, फॉल सहित धार्मिक स्थलों पर भी हजारों लोगों का जुटान होगा। डीसी राहुल सिन्हा के निर्देश पर शहर के अंदर स्थित 24 पिकनिक स्थलों पर मजिस्ट्रेट सहित 500 से अधिक पुलिसबलों को तैनात कर दिया गया है।
डीसी ने मजिस्ट्रेट और ट्रैफिक पुलिस को रविवार शाम से ही वाहनों की जांच तेज करने के लिए कहा है। नशे में वाहन चलाने वालों की गाड़ी जब्त करने और नशेड़ी चालक को पैदल ही घर भेजने का निर्देश दिया है। तेज रफ्तार से दो पहिया-चार पहिया वाहन चलाने वालों को पकड़कर वाहन जब्त करने चालक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्दकरने के लिए कहा गया है।
नववर्ष पर पिकनिक मनाने के लिए वाटर फॉल, डैम और नदी के पास जाकर वहां नहाने या तैराकी करने वालों पर इस बार सख्ती बरती जाएगी। डीसी ने दशम, हुंडरू, जोन्हा सहित सभी फॉल, कांके, रूक्का, हटिया डैम सहित जिले में बने वाटर बॉडी के पास विशेष निगरानी का निर्देश दिया है। वाटर बॉडी के पास चिन्हित डेंजर जोन में जाने की जिद करने पर पर्यटक की गिरफ्तारी तक हो सकती है। इसके अलावा सभी जलाशयों में गोताखोरों की तैनात की जाएगी।
शहर के पार्कों में नववर्ष के स्वागत की व्यापक तैयारी है। सर्कुलर रोड स्थित बिरसा मुंडा स्मृति पार्क आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पार्क के अंदर लाइव कंसर्ट होगा। डीजे पर जमकर मस्ती होगी। बच्चों के लिए झूले लगाए गए हैं। इधर, मोरहाबादी स्थित चिल्ड्रन पार्क में भी बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। दर्जनों झूले लगाए गए हैं। मछलीघर में रोज मनोरंजक कार्यक्रम हो रहे हैं। इसके अलावा निगम के सभी पार्कों में पर्यटकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
इसे भी पढ़ें
लापुंग में बीओआई और चान्हो में खुले एसबीआई की शाखा : शिल्पी नेहा तिर्की








