नेतरहाट के जंगलों में आदिवासी समुदायों से मिले केंद्रीय कृषि मंत्री [Union Agriculture Minister met tribal communities in the forests of Netarhat]

5 Min Read

कहा-हमारी ही योजना का नकल कर रही हेमंत सरकार

लातेहार। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नेतरहाट के आदिवासी अंचलों में आदिवासी समाज के संवाद किया।

केंद्रीय मंत्री बैगा जनजाति के साथ साथ कोरबा आदिम जनजाति, बिरहोर आदिम जनजाति, किसान जनजाति और चीक बड़ाइक जनजाति समाज के लोगों से मिले। इस दौरान आदिवासी समाज के पारंपरिक गीतों की धुन पर भी थिरके।

झारखंड का पारंपरिक भोजन किया

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने जामाटोली, नेतरहाट में झारखंड का पारंपरिक भोजन किया। गोंदली चावल, मकई घट्ठा, भपाल सलाद, फुटकल चटनी, बांस करील भुजिया, बार बोदी दाल का स्वाद लिया।

वहीं नेतरहाट के किसानों ने फसल की बुआई के समय और पूजा के समय किए जाने वाले पारंपरिक नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी।

मेरे लिए सेवा ही पूजा

इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और केन्द्रीय मंत्री के नाते आदिवासी समाज के लोगों के बीच आया हूं।

मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री रहते भी पहले कई बार आदिवासी भाई-बहनों के बीच गांवों में रूक चुका हूं। फिर से मुझे सौभाग्य मिला है कि मैं अपने आदिवासी भाई-बहनों के बीच आ पाया।

उन्होंने कहा कि ये हमारा परिवार है और इनकी सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है। कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति और रंग अद्भुत है।

लाडली बहना योजना की नकल है हेमंत की योजना

शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड की मंईयां सम्मान योजना पर जेएमएम सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह तो हमारा प्रोजेक्ट है, हेमंत सोरेन चुनाव से पहले लाडली बहना योजना की नकल कर रहे हैं।

हेमंत सोरेन के वादाखिलाफी पर कहा कि 5 साल पहले घोषणा पत्र में 2000 रुपए चूल्हा खर्च देने का वादा किया था। 4 साल 10 महीना चूल्हा खर्च नहीं दिया, अब चुनाव नजदीक है तो सोचा जेब से तो जाएगा नहीं तो एक – एक हजार रुपए खजाने से डालना शुरू किया।

पहले हेमंत सोरेन हिसाब दें कि 5 साल में 60 महीना होते हैं और 60 महीना में 2000 रुपए मिलते तो 1 लाख 20 हजार रुपए होते बहनों के खाते में, 1 लाख 18 हजार खा गए और अब टुकड़े जैसे एक हजार डाल रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारा घोषणा पत्र आने वाला है। ये सुनिश्चित है हरियाणा में जैसे हमने घोषणा पत्र बांटा उसमें बहनों के खाते में 2100 रुपए डालेंगे, जम्मू-कश्मीर में हमने कहा पैसे डालेंगे उसी तरह झारखंड में भी बहनों के खाते में हम यही राशि डालेंगे, जो हमने हरियाणा में घोषित की है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था एक धेला नहीं दिया। पेपर लीक से 17-17 बार पेपर कैंसल हुए। जेएमएम झारखंड मुक्ति मोर्चा नहीं पेपर लीक मोर्चा बन गई है। झारखंड में दलाल नौजवानों के सपनों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

झारखंड में भाजपा की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 2 लाख 87 हजार 400 पद भर दिए जाएंगे। यहां जब भाजपा की सरकार थी, तब काम हुए थे।

अब जेएमएम और कांग्रेस ने झारखंड को तबाह और बर्बाद कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने डिस्ट्रिक्ट फंड बनाए हैं कि उस पैसे से यहाँ ढंग से विकास किया जाए उसका भी उपयोग कहीं दिखाई नहीं देता है।

सत्ताधारी दल के लोग, गठबंधन के लोग झारखंड को खुलकर लूट रहे हैं। जनता बुरी तरह से परेशान है।

झारखंड की तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए यहां सत्ता परिवर्तन जरूरी है। परिवर्तन यात्रा परिवर्तन लाएगी। परिवर्तन सुनिश्चित है बीजेपी की सरकार अब यहां आएगी।

इसे भी पढ़ें

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार फंसी गड्ढे में, बारिश में छाता लेकर पहुंचे जनता के बीच

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं