असहनीय गर्मी, पहली बार झारखंड में रेड अलर्ट [Unbearable heat, red alert in Jharkhand for the first time]

2 Min Read

झारखंड के सभी जिलों का पारा 40 के पार

रांची। गर्मी बर्दाश्त के बाहर हो गयी है। यही वजह है कि पहली बार मौसम विज्ञान केंद्र ने झारखंड के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

लोगों को सलाह दी गयी है कि अगर बहुत जरूरी न हो, तो घरों से बाहर नहीं निकलें। विभाग ने 12 से 14 जून तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

15 जून के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ है। वहीं, गर्मी की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को 15 जून तक के लिए बंद करने का आदेश दिया है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 13 जून से राज्य में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के झोंके को लेकर ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है।

केंद्र के अनुसार, 13 से 15 जून तक संताल परगना, कोल्हान और राजधानी के आसपास कई स्थानों पर गर्जन और वज्रपात हो सकता है।

इस दौरान कहीं-कहीं हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। इधर, मंगलवार को सबसे अधिक गर्मी डालटनगंज में रही।

यहां का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया। पाकुड़, जामताड़ा और साहिबगंज को छोड़ सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि से अधिक हो गया है।

पलामू में लू से शिक्षक की मौत

मध्य विद्यालय किशुनपुर के सरकारी शिक्षक विजय राम की लू लगने से मौत हो गयी। परिजनों ने बताया कि स्कूल से घर आने के क्रम में उन्हें लू लग गयी।

उन्हें मेदिनीनगर एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।

कहां-कहां के लिए रेड अलर्ट

12-13 जून : पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, प सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला।

14 जून : पूर्वी सिंहभूम, प सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला।

इसे भी पढ़ें

झारखंडः झुलसाती गर्मी में बिजली का सितम

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं