Tribal Cinema of India:
रांची। झारखंड के फिल्मकारों ने ‘ट्राइबल सिनेमा ऑफ इंडिया’ का गठन किया है। बिजु टोप्पो इसके अध्यक्ष बनाये गये हैं। शनिवार को डॉ. कामिल बुल्के पथ स्थित सत्यभारती सभागार में हुई कार्यशाला में इस संगठन का गठन हुआ। इस अवसर पर टीसीआई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रसिद्ध डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता बिजू टोप्पो को टीसीआई का अध्यक्ष चुना गया, जबकि तेज मुंडू को उपाध्यक्ष, प्रिंसी लकड़ा को सचिव, नीरज समद को उप-सचिव, और इनुस कुजूर एवं सुरेंद्र कुजूर को संयोजक नियुक्त किया गया।
संचालन समिति का गठनः
बैठक का संचालन दीपक बाड़ा ने किया। सर्वसम्मति से टीसीआई की छह सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया गया, जिसमें संताली गायक टॉम मुर्मू, कलाकार ज्योति वंदना लकड़ा, शोधकर्ता आकृति लकड़ा, जेनिफर बाखला, वरिष्ठ पत्रकार आशीष तिग्गा और बालेश्वर बेसरा को शामिल किया गया।

फिल्म निर्माण की योजना:
टीसीआई ने इस वर्ष तीन आदिवासी मुद्दों—भाषा, संस्कृति और समाज—पर केंद्रित फिल्मों का निर्माण करने का निर्णय लिया है, जिसकी फंडिंग संस्था स्वयं करेगी। इसके अलावा 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर फिल्मकारों, कलाकारों और तकनीशियनों के साथ कार्यशाला और परिचर्चा आयोजित की जाएगी।
अन्य प्रमुख निर्णय:
- प्रत्येक जिले में आदिवासी विषयों पर फिल्म स्क्रीनिंग
- टीसीआई का यूट्यूब चैनल शुरू करना
- आदिवासी फिल्मकारों को आर्थिक सहायता
- आदिवासी मुद्दों पर आधारित फिल्म नीति का ड्राफ्ट तैयार कर सरकार को सौंपना
- झारखंड फिल्म बोर्ड में आदिवासी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना
अन्य राज्यों में किया जायेगा विस्तारः
टीसीआई का विस्तार झारखंड के साथ-साथ अन्य आदिवासी बहुल राज्यों तक किया जाएगा। इसके साथ ही बांग्लादेश और नेपाल के आदिवासी फिल्मकारों से भी संपर्क कर अंतरराष्ट्रीय आदिवासी फिल्म मंच बनाने की योजना है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व न्यायाधीश रत्नाकर भेंगरा, टीएसी के पूर्व सदस्य पीसी मुर्मू, डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार दीपक बाड़ा, संगीत निर्माता तेज मुंडू, कलाकार प्रिंसी लकड़ा, नीरज समद, इनुस कुजूर, सुरेंद्र कुजूर, संताली गायक टॉम मुर्मू, शोधकर्ता आकृति लकड़ा, कलाकार ज्योति वंदना लकड़ा, पत्रकार आशीष तिग्गा, बालेश्वर बेसरा, तथा फिल्म व कला क्षेत्र से जुड़े अमन दीप, पवन दीप खाखा, वाल्टर भेंगरा, अमल दीप कुजूर, विक्की मिंज, सुनिता लकड़ा, काजल मुंडू, राकेश किड़ो सहित कई आदिवासी फिल्म निर्माता, कलाकार और तकनीशियन उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें








