Transport Department:
रांची। राजधानी रांची में मेकन कॉलोनी में परिवहन विभाग के संयुक्त सचिव अशोक कुमार को बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाया और उनके गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। घटना के बाद उन्होंने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी तरह की वारदात सुबह 7:30 बजे लालपुर थाना क्षेत्र में भी हुई है। वहां भी बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से चेन छीन ली है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बदमाशों की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
लगातार बढ़ रहीं स्नैचिंग की घटनाएः
इससे पहले 16 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे, लॉरेटो स्कूल के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के नजदीक भी एक महिला को चेन स्नैचिंग का शिकार बनाया गया। महिला के गले से सोने की चेन छीनकर अपराधी फरार हो गए। इसी दिन रात 8:30 बजे के करीब, खेलगांव चौक के पास एक अन्य महिला को भी बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। पीड़िता अपने पति के साथ दुकान से सामान खरीदकर लौट रही थीं, तभी अपराधियों ने अचानक झपट्टा मारकर चेन लूट ली।
हाईकोर्ट के वकील भी शिकार बनेः
सोमवार सुबह, मॉर्निंग वॉक पर निकले हाईकोर्ट के अधिवक्ता जितेंद्र कुमार पसारी भी अपराधियों का शिकार बने। लालपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस चौक से साइंस ब्लॉक की ओर जाते समय उनकी गर्दन से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली और भाग निकले। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे, लेक फ्रंट होटल के पास एक छात्रा भी चेन स्नैचिंग की वारदात का शिकार हो गई। वह करमटोली चौक की ओर जा रही थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसकी सोने की चेन छीन ली।
इसे भी पढ़ें
बिहारः परिवहन विभाग का फर्जी वेबसाइट बनाकर 10,000 लोगों से ठगी







