कल झारखंड के 51000 मंदिरों में होंगे कार्यक्रम, रामभक्ति में डूबा राज्य

4 Min Read

रांची। राजधानी रांची समेत पूरा झारखंड रामभक्ति में लीन है। राज्य के 51 हजार मंदिरों में कल रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर कार्यक्रम होंगे। 22 जनवरी को होनेवाले प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आज रविवार को कई इलाकों में झांकियां निकाली जा रही हैं।

हर कोई इस अवसर को अपने-अपने तरीके से सहेजने में जुटा है। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के आह्वान पर 22 जनवरी को अयोध्या में हो रहे श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा के दिन झारखंड के सभी गावों में 51 हजार से अधिक मंदिरों में सुबह 10 बजे से धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, भजन, कीर्तन, हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड पाठ, श्रीरामचरितमानस पाठ किया जाएगा।

विश्व हिंदू परिषद प्रांत अध्यक्ष पंचम सिंह के अनुसार अयोध्या में हो रहे कार्यक्रम का प्रांत के सभी प्रमुख मंदिर परिसर में लाइव प्रसारण होगा। इसकी तैयारी में हिंदू समाज के साथ विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी अनुषांगिक संगठन, सभी धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक संगठन, मंदिर समिति के लोग लगे हुए हैं।

पूरे प्रदेश में 16 जनवरी से ही हिंदू समाज मंदिरों की साफ- सफाई, मंदिरों की साज सज्जा में लगे हुए हैं। प्राण प्रतिष्ठा के दिन की तैयारी लगभग पूरी हो गई हैं। 22 जनवरी के दिवस को यादगार बनाने के लिए कहीं दांपत्य जीवन की शुरुआत करने के लिए, तो कहीं माताएं अपने शिशु को जन्म देने के लिए तो कहीं अपने-अपने निकट भगवान के नये मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम के अनुष्ठान की तैयारी की जा रही है।

बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान समारोह को लेकर देश ही नहीं विदेशों में भी जश्न का माहैल है। चारों ओर सिर्फ और सिर्फ भगवान श्रीराम नाम की ही गूंज है। इसके साथ ही अपनी रांची भी राममय हो गई है। इधर इस माहौल में राजधानी रांची भी पूरी तरह से राममय हो गई है। शहर दुल्हन की तरह सज गई है।

इतना ही नहीं अपर बाजार से लेकर शहर के सभी बाजार भगवा झंडों से पट गये हैं। राम उत्सव में राजधानी रांची की सड़कें भी काफी आकर्षक दिख रही हैं, नजर जिधर भी जाती है, हर तरफ श्रीराम जी का झंडा ही लहरा रहा हैं। लोग अपने-अपने तरीके से इस खास दिन को त्योहार की तरह मनाने की तैयारी कर रहे हैं। स दिन दिवाली मनाने की तैयारी है।

युवाओं में तो खासा उत्साह दिख रहा है। हर गली मुहल्ले में नौजवान झंडा बैनर लगाते नजर आ रहे हैं।  रामलला के प्राण प्रतिष्ठा में न सिर्फ हिंदू, बल्कि मुस्लिम समाज के लोग भी बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभा रहें है। शहर के बाजारों में मिलने वाले भगवा झंडों को मुस्लिम समाज के लोगों ने तैयार किया है, जिसे भारी संख्या में लोग खरीद रहे हैं और उसे अपने घरों पर लगा रहे हैं।

झंडा तैयार करने वालों का कहना है कि वे पिछले दो माह से इसकी तैयारी में जुटे हैं। इधर, श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर राजधानी रांची के मेन रोड में राम मंदिर का स्वरूप लोगों के लिए काफी आकर्षण के केंद्र बना है।

बड़े ही खूबसूरती से मंदिर को सजाया गया है। यहां पर भव्य धार्मिक भक्ति कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी है। जिसमें प्रसिद्ध भक्ति गायकों का जुटान होगा। इसके अलावा पहाड़ी मंदिर समेत अन्य सभी मंदिरों में भी विशेष आयोजन की व्यवस्था है। मंदिरों में भोग-प्रसाद के वितरण की व्यवस्था भी की जा रही है।  

इसे भी पढ़ें

कल रांची में 55 से ज्यादा बच्चों की गूंजेगी किलकारी

Share This Article
Exit mobile version