विधायक इरफान अंसारी ने पोछा माथे पर लगा तिलक, बाबूलाल ने ट्वीट कर साधा निशाना तो इरफान बोले क्रॉप है वीडियो
रांची। झारखंड में मंगलवार को तिलक की राजनीति गरमा गई। बयानबाजी में सोशल मीडिया को भी नहीं बख्सा गया। दरअसल, मंगलवार को कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के एक ट्वीट की वजह से चर्चा में आ गये।
बाबूलाल मरांडी ने एक वीडियो ट्वीट किया जिसमें इरफान अंसारी मंदिर में तिलक लगाने के बाद पहले अपने हाथ से फिर उसे अपने गमछे से पोछते नजर आये। बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट करते हुए लिखा, कुछ भोले हिन्दुओं ने कांग्रेस विधायक को मंदिर में बुलाया और उन्हें तिलक लगा दिया…एक मिनट भी नहीं लगा जब विधायकजी ने सबके सामने ही वो तिलक अपने माथे से पोछ डाला…और बाद में हिंदुओं से कहा कि आपलोग वोट नहीं भी देंगे, तब भी हम जीत जाएंगे’।
‘चिंता मत कीजिये इरफ़ान जी, झारखंड की जनता इस बार आपलोगों के इस घटिया मानसिकता का जवाब ज़रूर देगी। वीडियो में इरफान अंसारी साफ कहते नजर आ रहे हैं कि आपलोग वोट दें या ना दें हमारे लोगों का वोट बैंक ज्यादा है। 40 हजार वोट का मार्जिन है।
विधानसभा सत्र के दौरान जब पत्रकारों ने इस जब वीडियो के संबंध में इरफान अंसारी से पूछा गया, तो उन्हें इसे फेक वीडियो बताया। कहा कि बाबूलाल मरांडी ने पता नहीं कौन सा वीडियो एडिट किया है। मुझे कब किसने टीका लगाया। सदन में मैं चुनरी ओढ़ कर आया हूं। आखिर बाबूलाल मरांडी ने ऐसा क्या देख लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा में जाकर पता नहीं बाबूलाल मरांडी को क्या हो गया है। भाजपा से पहले वह भी सेक्युलर नेता थे। अंसारी ने कहा कि देखिए बाबूलाल जी मैं टीका और चुनरी के साथ आया हूं यह रिगार्ड ऑफ हनुमान है।
बाबूलाल के इस ट्वीट का जवाब इरफान ने ट्वीट से दिया। उन्होंने इससे जुड़ा वीडियो शेयर किया। जिसमें पूरी बात सुनाई दे रही है। इस वीडियो को ट्वीट करते हुए इरफान ने लिखा कि बाबूलाल जी राजनीति में अपना स्तर इतना मत गिरा लें कि लोग आपको देखना पसंद ना करें।
मेरे वीडियो को क्रॉप कर गलत संदेश दिया। लोगों ने मुझे सम्मान देकर मंदिर निर्माण कराने का आग्रह किया। वहां काफी गर्मी थी और मैं अपना चेहरा पोछ रहा था, लेकिन वाह रे जालसाज। काली मां को बख्श दीजिए।
बताते चलें कि इरफान अंसारी अपने बयानों को लेकर विवाद में रहते हैं। उन्होंने देश का सबसे बड़ा हनुमान मंदिर बनाने का ऐलान किया था। कैश कांड मामले में निलंबित होने के बाद उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल कर लिया गया है। पार्टी में आने के बाद इरफान ने कहा था आई एम बैक निशाना साध रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने विशाल हनुमान मंदिर बनाने की चर्चा करते हुए कहा था कि कर्नाटक चुनाव के दौरान बजरंगबली मेरे सपने में आए थे। मैंने उनसे कर्नाटक में पार्टी की जीत की मन्नत मांगी थी। मैंने बजरंगबली से कहा था कि कर्नाटक में उसकी जीत हो, जिसकी आप पर सच्ची आस्था है। बजरगंबली ने मेरी मन्नत पूरी कर दी।








