टाईगर चंपई झारखंड के अगले CM

4 Min Read

खेती-किसानी से मुख्यमंत्री तक का सफर तय किया चंपई ने

रांची। झारखंड में टाइगर के नाम से मशहूर चंपई सोरेन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। चंपई झारखंड मुक्ति मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में उनकी पहचान है। कहा जा रहा है कि उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया है।

हालांकि पहले कल्पना सोरेन के नाम की भी चर्चा थी। पर महागठबंधन ने कोई रिस्क नहीं लेते हुए चंपई को ही विधायक दल का नेता चुना। कल्पना सोरेन के साथ किसी तरह की तकनीकी अड़चन की बाधा की संभावनाओं को देखते हुए चंपई को ही विधायक दल का नेता चुना गया।

कहा जाता है कि चंपई सोरेन सोरेन परिवार के भरोसेमंद हैं। हेमंत भी इन पर काफी विश्वास करते हैं। बता दें कि चंपई सोरेन सरायकेला से विधायक है। उनके पिता सेमल सोरेन साधारण किसान थे। चंपई ने भी खेती किसानी की है।

चंपई लंबे समय तक हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन के सहयोगी रहे हैं। झारखंड आंदोलन में चंपई शिबू सोरेन के साथ हमेशा बने रहे। झारखंड आंदोलन के दौरान ही उन्हें टाइगर नाम मिला। हेमंत सोरेन सार्वजनिक मंचों पर भी चंपई सोरेन के पैर छूकर आशीर्वाद लेते रहे हैं।

इतना ही नहीं, बीते मंगलवार को जब हेमंत सोरेन ने विधायकों संग बैठक की था, तब वहां मौजूद कल्पना सोरेन ने भी उनके पैरे छुये थे। इससे स्पष्ट है कि सोरेन परिवार में उनकी क्या हैसियत है।

संथाल से भी जुड़े हैं चंपई

चंपई सोरेन का संथाल परगना से भी गहरा नाता है। उनका जन्म 15 सितंबर 1978 को दुमका में हुआ था। उनका बचपन वहीं गुजरा। चंपई ने दुमका के एक सरकारी स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद सिद्धू कानू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका से बीए की डिग्री हासिल की। उनका विवाह कम उम्र में ही हो गया था। उनकी पत्नी का नाम मानको है। चंपई के 4 बेटे और तीन बेटियां हैं।

चंपई शुरूआत से ही झारखंड आंदोलन में शिबू सोरेन के साथ जुड़े रहे। कुछ दिनों बाद  सरायकेला सीट से उपचुनाव में निर्दलीय विधायक बनकर उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो गए।

बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा की सरकार में झामुमो से चंपई सोरेन को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था।  चंपई 11 सितंबर 2010 से 18 जनवरी 2013 तक मंत्री रहे। इसके बाद राष्ट्रपति शासन लग गया था।

हेमंत सोरेन के हमेशा भरोसेमंद रहे जुलाई 2013 में हेमंत सोरेन की सरकार में चंपई सोरेन को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, परिवहन मंत्री बनाया गया। इस दौरान जेएमएम-राजद-कांग्रेस के साथ मिलकर हेमंत सोरेन ने 1 साल पांच महीने पंद्रह दिनों तक सरकार चलाई।

वहीं, दूसरी बार 2019 में फिर से हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री बनने पर चंपई सोरेन को परिवहन, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री बनाया गया। इसके बाद अब वह झारखंड के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें

CS और DGP पहुंचे CM आवास, दो बसें भी पहुंची, विधायक तैयार, राजभवन ने 7.50 बजे बुलाया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं