हजारीबाग की ये करोड़पति महिलाएं ED के रडार पर, जानिये क्या है मामला

IDTV Indradhanush
3 Min Read

हजारीबाग। हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के झरपो गांव की 12 महिलाएं ईडी की रडार पर आ गई है।

ये महिलाएं अचानक ही करोड़पति बन गई है, पर उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं है। उन्हें तो यह भी पता नहीं है कि उनके खाते में कितने पैसे हैं।

अब इन्ही बैंक खातों ने इन महिलाओं की परेशानी बढ़ा दी है। फिलहाल ईडी पटना ने इन महिलाओं के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है और मामले की जांच शुरू हो गई है।

इन महिलाओं को ईडी ने नोटिस भेजा है। इन महिलाओं को इस नोटिस के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। गांव के ही कुछ पढ़े लिखे लोगों ने इसे पढ़ने के बाद उन्हें बताया कि ये ईडी का नोटिस है।

अब महिलाएं ये पूछ रही हैं कि ईडी क्या चीज है। फिर वे हजारीबाग पहुंच कर वकीलों से मिली। तब वकीलों ने उन्हें बताया कि उनके बैंक खातों में कोलकाता से 3.90 करोड़ रुपये डाले गये थे।

जिसमें से 3.25 करोड़ रुपये निकाले जा चुके हैं। बचे हुए 65 लाख रुपये में से 6 लाख रुपये बाद में निकाल लिये गये हैं।

इडी ने नोटिस भेजकर इन महिलाओं को अपना पक्ष रखने को कहा है। अब ये महिलाएं परेशान हैं कि आखिर ये सब कैसे हो गया।

ये महिलाएं बेहद गरीब और अशिक्षित हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी रकम के बारे में वे सोच भी नहीं सकतीं।

उन्होंने बताया कि गांव की ही एक महिला ने काम दिलाने की बात कहकर जनधन योजना के तहत उनका बैंक खाता खुलवाया था।

खाता खुलने के बाद से उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि कब उसी महिला ने खाता का एटीएम कार्ड, पासबुक और चेक बुक अपने पास ही रख लिया।

उन्हें इसके बारे में फिर कोई जानकारी नहीं मिली, सीधे ईडी का नोटिस आ गया।

बता दें कि ईडी ने 27- 28 दिसंबर 2023 को कोलकाता के एक कारोबारी रोबिन कुमार यादव के ठाकनों पर छापेमारी की थी।

इस दौरान एएफ 189/1, रवींद्रपल्ली, केस्टोपुर स्थित उसके आवास से कई दस्तावेज बरामद किये गये थे। इनकी जांच में पता चला कि रॉबिन यादव ने अपनी अवैध आय को छिपाने के लिए बड़ी राशि 12 महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की है।

इधर, 12 महिलाओं में से एक के बैंक खाते से जब छह लाख रुपये की निकासी हुई, तो बैंक ने ईडी को सूचित किया।

तब ईडी ने उन महिलाओं के बैंक खातों को फ्रीज करा दिया। फिर बैंक अधिकारी महिलाओं के बारे में पता लगाने के लिए गांव पहुंचे।

यहां महिलाओं ने उन्हें उस महिला के बारे में बताया, जिसने उनका खाता खुलवाया था। अब उस महिला की तलाश की जा रही है।

इसे भी पढ़ें

बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष पद पर चुनाव आज

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं