कल से 3 दिनों तक झारखंड में होगी झमाझम बारिश, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात [There will be heavy rain in Jharkhand for 3 days from tomorrow, cyclone formed in Bay of Bengal]

2 Min Read

रांची। पिछले कुछ हफ्ते से कमजोर पड़ा मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गुरुवार को झारखंड के कुछ जिले में बारिश हुई।

अब अच्छी खबर यह है कि कल से अगले तीन दिनों तक झमाझम बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने 29 जून से एक जुलाई तक राज्य के सभी भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की चेतावनी जारी की है।

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव वाला क्षेत्र बना है। वहीं, एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल होते हुए झारखंड व बिहार की ओर बढ़ रहा है।

इससे 30 जून तक पूरे झारखंड में मॉनसून के बादल छाने और बारिश होने की उम्मीद है। गर्जन और तेज हवाओं का झोंका आ सकता है। इसकी रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटा तक रहेगी।

वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। शनिवार से बारिश शुरू होने से तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।

आज इन जिलों में बारिश की उम्मीद

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में हलचल होने और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के तेजी से बढ़ने के कारण अगले एक-दो दिन में झारखंड में मॉनसून की बारिश होने लगेगी।

रांची सहित राज्य के कुछ जिलों में गुरुवार को बारिश हुई। शुक्रवार को भी रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।

इसे भी पढ़ें

झारखंड में कल से रफ्तार पकड़ेगा मॉनसून

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं