बिफरे इरफान, कहा-क्या मुसलमान सिर्फ वोट देने के लिए है

2 Min Read

रांची। जामताड़ा से कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने पार्टी के अंदर टिकट बंटवारे और सीट शेयरिंग पर सवाल खड़ा किया हैं।

उन्होंने एक बार फिर झारखंड में किसी भी एक सीट पर मुस्लिम उम्मीदवार देने की मांग की है।

साथ ही कांग्रेस से इस मामले में विचार करने और मुस्लिम समाज की अनदेखी नहीं करने की अपील की है।

सोशल मीडिया (एक्स) पर अपनी राय रखते हुए उन्होंने कहा है कि 18% आबादी होने के बावजूद झारखंड में एक सीट भी मुसलमान को नहीं देना, पार्टी की बहुत बड़ी भूल है। पार्टी के लिए ऐसा करना आत्मघाती कदम साबित होगा।

उन्होंने कहा है कि पार्टी के इस निर्णय से समाज में भारी आक्रोश है। इतनी बड़ी आबादी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

कुछ नेताओं ने यह भ्रम फैलाया है कि अगर मुसलमान को टिकट दिया गया, तो वोट ध्रुवीकरण हो जाएगा।

तो इसकी क्या गारंटी है कि अन्य जिसको भी टिकट दिया जा रहा है, वह जीत जाएगा।
इरफान के मुताबिक 2%, 3%, 4% वालों को टिकट मिल रहा है तो क्या 18 % वाला सिर्फ वोट देने के लिए हैं।

पार्टी इस पर विचार करे, नहीं तो लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा।

मुस्लिम वोट को कांग्रेस पार्टी हल्के में ना ले। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय को नजरअंदाज करने का ही नतीजा है कि अन्य राज्यों में इनका वोट क्षेत्रीय पार्टी को चला गया है।

उन्होंने आगे लिखा है कि मुसलमान अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। पार्टी इस पर फिर से विचार करे, और इतनी बड़ी आबादी वाले समाज को अनदेखा ना करें।

इसे भी पढ़ें

चाईबासा में ट्रिपल मर्डर से सनसनी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं