बेंगलुरू। विपक्ष के नए गठबंधन का नाम ‘INDIA’ रखा गया है। NDA के सामने विपक्ष की ओर से ‘INDIA’बना है। I से इंडिया, N से नेशनल, D से डेवलपमेंट , I से इनक्लूसिव और A से अलायंस है। नाम फाइनल होते ही टीएमसी के सांसद ने ट्वीट किया चक दे इंडिया। वहीं उद्धव ठाकरे की पार्टी की ओर से ट्वीट किया गया इस बार 2024 में टीम INDIA Vs टीम NDA चक दे इंडिया।
बैठक से पहले यह चर्चा थी कि विपक्ष के गठबंधन का नाम UPA ही रहेगा या कुछ और। हालांकि पटना वाली बैठक से यह संकेत मिल गए थे कि नाम अलग होगा। विपक्ष की ओर से इस नाम का आइडिया कहां से आया और उसके पीछे की आखिर कहानी क्या है। माना जा रहा है कि आने वाले वक्त में ‘INDIA’ वाले दांव से बीजेपी को दिक्कत हो सकती है।
‘INDIA’के पीछे आइडिया राहुल गांधी का कहा जा रहा है। राहुल गांधी के बयान पिछले दिनों से लगातार आ रहे थे, उनमें इसकी छाप है। विपक्ष के गठबंधन का नामकरण भले ही आज हुआ है, लेकिन इसकी चर्चा पहले ही शुरू हो गयी थी।
राहुल गांधी हैं केंद्र में
‘INDIA’नाम के पीछे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को जोड़ा जा रहा है। इस यात्रा को लेकर कांग्रेस की ओर से कहा गया कि भारत जोड़ो यात्रा ने बहुत अंतर पैदा किया है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी बार-बार यह कहते थे कि भारत जोड़ने निकले हैं।
यात्रा के बाद उनकी ओर से कई बार यह कहा गया कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं। ऐसा नहीं कि इस नाम के पीछे सिर्फ यही सोच है। एक दूसरी सोच भी है जिसका असर आज ही बेंगलुरु वाली बैठक में दिख गया।
2024 से पहले ‘INDIA’गठबंधन का जो नाम दिया गया है, उसके पीछे एक ऐसी सोच भी है जिससे बीजेपी भी उलझन में है। बेंगलुरु वाली बैठक में इसका असर भी देखने को मिला। जब ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी कैन यू चैलेंज इंडिया।
आने वाले वक्त में सभी विपक्षी दलों की ओर से ऐसा सुनने को मिलेगा। विपक्ष की ओर से जो नाम तय किया गया है उसके बाद ‘INDIA’ संबोधित करते हुए बीजेपी के लिए हमला करना आसान नहीं होगा। बेंगलुरु में राहुल गांधी ने एक बार फिर अपने उसी अंदाज में केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा और उसके सेंटर में ‘INDIA’ को रखा।
ममता का चैलेंज
इधर नामकरण के बाद ममता बनर्जी काफी उत्साहित दिखीं। उन्होंने कहा -हमारे गठबंधन के नए नाम INDIA रखने का फैसला हुआ। BJP क्या अब चैलेंज कर सकती है INDIA को? NDA क्या INDIA को चैलेंज कर सकता है? क्या कोई भी INDIA को चुनौती दे सकता है? हम देश के लिए हैं। हम किसानों के लिए हैं। सब के लिए हैं।
