रांची : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को हंगामेदार रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा हो गया। हंगामे और शोर-शराबे के बीच प्रश्नकाल चला। सुदेश महतो और अमर बाउरी समेत कई विधायकों ने झारखंड में विधि-व्यवस्था को लेकर झारखंड को घेरा। वहीं, सत्ता पक्ष ने मणिपुर की घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और सवाल किया।
हंगामे के बीच में 11988 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया गया। प्रश्नकाल में सबसे पहले विधायक प्रदीप यादव ने मणिपुर के मुद्दे को उठाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बार मन की बात की लेकिन मणिपुर के मुद्दे पर चुप्पी साधी रखी।
इसके बाद सदन में हंगामा हो गया। जवाब में भाजपा विधायकों ने झारखंड की विधि व्यवस्था को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि राज्य में आदिवासियों की हत्याएं हो रही हैं। महिलाओं के साथ रेप किया जा रहा है। झारखंड जल रहा है और क्राइम बढ़ता जा रहा है। इस दौरान विपक्ष ने हेमंत सरकार से इस्तीफे की मांग भी की।
इसके बाद भाजपा विधायक हेमंत सरकार हाय-हाय की नारेबाजी करते हुए वेल में आ गये। ऐसे में स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने सबसे अपने आसन पर जाने की अपील की। उन्होंने मांडू से भाजपा विधायक जेपी पटेल पर चुटकी लेते हुए कहा कि अखबारों की सूचना के मुताबिक आप आसन में बैठिए और सबको अपनी-अपनी सीट पर ले जाएं।






