सीएम ने सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव की समीक्षा की
रांची। रांची शहर की सूरत संवरने वाली है। जल्द ही यहां के प्रमुख इलाके में वेडिंग जोन और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी चीजें मूर्त रूप लेंगी। इसकी कवायद शुरू हो चुकी है। रांची शहर की सूरत बदलने की जिम्मेदारी जुडको ने ली है। इसका मास्टर प्लान भी तैयार कर लिया गया है।
जिस प्रोजेक्ट के तहत शहर को सुंदर बनाया जाएगा, उसे प्रस्तावित जोनल ब्यूटीफिकेशन एंड रीडेवलपमेंट ऑफ एक्जिस्टिंग स्ट्रीट एंड रिलेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर फ्रॉम अल्बर्ट एक्का चौक टू कचहरी चौक एंड सराउंडिंग एरियाज इन रांची नाम दिया गया है।
प्रेजेंटेशन देखा मुख्यमंत्री ने
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को आवासीय कार्यालय में जुडको के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जुडको के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने मास्टर प्लान का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया।
अल्बर्ट एक्का चौक से कचहरी चौक तक सौंदर्यीकरण
जुडको द्वारा प्रस्तावित इस कार्य योजना के तहत रांची के अल्बर्ट एक्का चौक से कचहरी चौक और आसपास के क्षेत्र में मौजूदा सड़क और बुनियादी ढांचे का सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके लिए पुनर्विकास कार्यों से संबंधित मास्टर प्लान तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित कार्य योजना के मास्टर प्लान की विस्तृत जानकारी ली। मास्टर प्लान के प्रत्येक पहलुओं को गहराई से समझा। उन्होंने अपनी ओर से कई आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए।
इन चीजों पर होगा काम
मास्टर प्लान के तहत निर्धारित क्षेत्रों में मुख्य रूप से वेंडिंग जोन के साथ तीन मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, ग्रीन एरिया का विस्तारीकरण, विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण कार्य तथा कचहरी चौक से जेल चौक तक अंडर बाईपास रोड का निर्माण सहित विभिन्न बुनियादी ढांचों के सौंदर्यकरण सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव-सह-नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे, प्रोजेक्ट डायरेक्टर टेक्निकल, जुडको गोपाल जी, प्रोजेक्ट मैनेजर प्रत्यूष चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
जेल चौक के पास बनेगा ऑक्सीजन पार्क
सीएम ने जुडको के अधिकारियों से कहा कि हमारी सरकार रांची वासियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सड़कें मुहैया कराना है। रांची के कई महत्वपूर्ण सड़कों पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि जुडको आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रांची शहर के बुनियादी ढांचों के विकास हेतु ठोस और बेहतर कार्य योजना बनाकर ससमय योजनाओं को पूरा करे। अल्बर्ट एक्का चौक से कचहरी चौक तथा रातू रोड चौक से कचहरी होते हुए जेल चौक तक सड़कों का चौड़ीकरण तथा सुदृढ़ीकरण कार्य किया जाना आवश्यक है।
रांची के इन प्रमुख सड़कों में ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है। प्रत्येक दिन जाम की स्थिति बनती है। इन सड़कों को व्यवस्थित कर लोगों को जाम की स्थिति से बचाया जा सकेगा तथा राहगीरों का समय और पैसा दोनों बचेगा। अधिकारियों ने कहा कि जेल चौक के पास ऑक्सीजन पार्क का भी निर्माण किया जायेगा।








