गढ़वा में जंगली हाथियों का आतंक: 55 वर्षीय ग्रामीण की मौत, वन विभाग ने जारी की चेतावनी [Terror of wild elephants in Garhwa: 55-year-old villager dies, forest department issues warning]

2 Min Read

गढ़वा, एजेंसियां। गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात चपकली गांव में हाथियों के झुंड ने हमला कर 55 वर्षीय गोपाल यादव को कुचलकर मार डाला। घटना रात करीब 2 बजे की है।

गोपाल यादव अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे, जब हाथियों के झुंड की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। बाहर जाकर देखा तो हाथी उनके घर को तोड़ रहे थे। परिवार के साथ भागने की कोशिश के दौरान हाथियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जिला वन अधिकारी (डीएफओ) एबीन बेनी अब्राहम ने घटना की पुष्टि की और बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों के इलाके से दूर रहने और सतर्क रहने की अपील की।

ग्रामीणों में दहशत

चपकली गांव और आसपास के इलाकों में हाथियों के हमलों से लोग डरे हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को नियंत्रित करने और उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डीएफओ ने कहा, “हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। हम स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर बचाव कार्य में जुटे हैं।”

हाथियों का बढ़ता आतंक

गढ़वा जिले में जंगली हाथियों द्वारा फसलों को नष्ट करना, घरों को तोड़ना, और लोगों पर हमला करना आम हो गया है। वन विभाग का कहना है कि हाथियों के जंगलों से बाहर आने का मुख्य कारण भोजन और पानी की तलाश है।

ग्रामीणों ने राज्य सरकार और वन विभाग से मांग की है कि हाथियों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं। साथ ही मृतक के परिवार को मुआवजा और सहायता देने की भी मांग की गई है।

इसे भी पढ़ें

एक ही परिवार के तीन लोगों को हाथियों ने कुचल कर मार डाला

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं