रांची : झारखंड के देवघर जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की टीम ने श्रावणी मेले में रंगदारी वसूलने पर बाबा परिहस्त गिरोह के दस गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने तीन पिस्तौल और आठ गोलियां भी बरामद की हैं।
इनपर श्रावणी मेले में शिवगंगा के आसपास लगे दुकानों से रंगदारी मांगने का आरोप है। पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि पकड़े गये सभी अपराधी बाबा परिहस्त गिरोह के सदस्य हैं।
ये शिवगंगा इलाके में लगनेवाले अस्थायी दुकानों से हथियार के बल पर जबरन रंगदारी वसूलते थे। गिरफ्तार आरोपियों में राम मंदिर रोड निवासी सोनू केसरी, शिक्षा सभा चौक निवासी जय गिरी, बिलासी टाउन निवासी जय बहादुर थापा, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी आदित्य कुमार चौबे, सनवेल बाजार निवासी शिवम केसरी, राहुल केसरी, पांडेय गली निवासी अमित केसरी, बाबा मंदिर निवासी राहुल परिहस्त, सरवां के रायबंध निवासी चंदू राउत और रिखिया थाना क्षेत्र के पुनसिया निवासी सूरज पोद़्दार के नाम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा परिहस्त के इशारे पर ही अपराधी दुकानदारों से पैसे वसूलते थे और जितनी रकम रंगदारी के जरिये वसूली जाती थी उसे ये आपस में बांट लेते थे। मामले में नगर थाने में इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।







