रांची। झारखंड में शीतलहर और ठंड हाड़ कंपा रही है। राज्य के सभी जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में शीतलहरी चलने की आशंका जताई है। विशेषकर राज्य के उत्तरी हिस्से में इसका असर रहेगा।
इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सुबह में कई इलाकों में कोहरा का असर देखने को मिल रहा है। जबकि 16 जनवरी से बादल छाए रहने का अनुमान है। 17 से 19 जनवरी तक कई स्थानों पर बारिश की संभावना है।
राज्य में इस महीने पहली बार कांके का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मैकलुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि गढ़वा का न्यूनतम तापमान 4.8 और रांची का 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जमशेदपुर का 9.0, डालटनगंज का 5.0, बोकारो का 7.1, चाईबासा का 7.4, देवघर का 7.7, गिरिडीह का 8.1, गढ़वा का 4.8 और गोड्डा का 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड की वजह से कांके और कई क्षेत्रों में घास पर बर्फ की चादर देखने को मिल रही है।
मौसम विभाग की ओर से राज्य में कुछ हिस्सों में आज से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। दोपहर बाद कई इलाकों में बादल छाए रहने का अनुमान है। जबकि राज्य के दक्षिणी हिस्से कोल्हान, उत्तर पूर्वी संताल परगना और कोयलांचल और रांची के आसपास के इलाके में कहीं-कहीं 17 और 18 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 19 या 20 जनवरी से मौसम साफ होने की उम्मीद जताई गई है।
इसे भी पढ़ें








