जल्द शुरू होगी टाटा-रांची-बनारस बंदे भारत एक्सप्रेस

2 Min Read

रांची। झारखंड को बहुत जल्द एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। यह केंद्र सरकार का झारखंड को दिवाली गिफ्ट होगा। जानकारी के मुताबिक रांची-पटना, रांची-हावड़ा, पटना-हावड़ा वाया जसीडीह के बाद अब टाटा-रांची-बनारस वंदेभारत ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है।

टाटा-रांची-बनारस वंदेभारत ट्रेन राजधानी रांची से होकर चलेगी। बता दें  कि केंद्रीय रेल मंत्रालय बहुत जल्द देश में 25 और वंदेभारत ट्रेनों का परिचालन शुरू करने जा रहा है, जिसमें से एक झारखंड को भी मिलेगी।

स्लीपर होगी ये वंदे भारत

नई वंदेभारत ट्रेन का परिचालन नवंबर के आखिर या फिर दिंसबर में शुरू हो सकता है। 8 कोच वाली इस ट्रेन में लंबी दूरी के लिए स्लीपर कोच भी होंगे। ये सभी नई डिजाइन के कोच होंगे, जो केसरिया रंग के होंगे।

झारखंड को चौथी वंदे भारत

झारखंड को अब तक 3 वंदेभारत ट्रेनें मिल चुकी हैं। 27 मई को रांची से पटना के बीच वंदेभारत ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ। फिर, रांची से हावड़ा के बीच 27 सिंतबर से वंदेभारत ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ। एक ट्रेन पटना से हावड़ा के बीच चलती है, जो झारखंड के जसीडीह स्टेशन पर भी रूकती है।

अब टाटा-रांची-बनारस चौथी वंदे भारत ट्रेन होगी। इससे झारखंड से बनारस जाने वाले यात्रियों को कम समय में सुविधाजनक यात्रा मिलेगी। इसका रूट टाटा से मुरी, रांची, लोहरदगा, सासाराम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंकशन होकर रहेगा।

प्रीमियम ट्रेन है वंदे भारत

अत्याधुनिक सुविधाओं वाली वंदे भारत देश की पहली सेमी हाईस्पीड प्रीमियम ट्रेन है। इस ट्रेन में वातानुकूलित चेयरकार हैं। वाई फाई सुविधा से युक्त कोच में आरामदायक यात्रा का पूरा प्रबंध है। बायो-टॉयलेट लगा है। ट्रेन का पायलट रूम किसी हवाई जहाज के कॉकपिट जैसा है। ट्रेन की अधिकतम गति 160 किमी प्रतिघंटा है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं