रांची : कच्छ गुर्जर धर्मशाला, बैंकमोड़, धनबाद में 17 जून को आयोजित मिलन समारोह में धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के पूर्व महासचिव विनय सिंह अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी का दामन थामेंगे। मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो शामिल होंगे।
मिलन समारोह को लेकर आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि पूरे प्रदेश में पार्टी के गठन, पुनर्गठन और विस्तार का कार्य चल रहा है। राज्य के कोने-कोने से नेता, समाजसेवी, टेक्नोक्रेट तथा समाज के बारे में चिंतन करने वाले लोग आजसू पार्टी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झारखण्डियों के सपनों के प्रदेश को गढ़ने और रचने के संकल्प के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में कल धनबाद में मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा, जिसमें डीसीए के पूर्व महासचिव विनय सिंह सहित सैकड़ों समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।







