सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लायेंगे : सुदेश महतो

2 Min Read

रांची : आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी पार्टी पदाधिकारियों के साथ पार्टी की संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। बैठक में शामिल सभी केंद्रीय, जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ पार्टी के भावी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।  

इस दौरान सुदेश ने सभी पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि आने वाला महीना हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, इस महीने में हम राज्य के हर विधानसभा में जन पंचायत का आयोजन करेंगे। जन पंचायत के जरिए हम जनता के बीच जाएंगे और राज्य से जुड़े ज्वलंत विषयों पर जनसंवाद करेंगे साथ ही मौजूदा सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाने का काम करेंगे।  

उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से पहले प्रखंड स्तर पर किसान विरोधी एवं व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ हल्ला-बोल कार्यक्रम किया जायेगा। इस कार्यक्रम में राज्य में संसाधनों की लूट, महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और किसानों के विषय पर आवाज बुलंद किया जायेगा।

साथ ही उन्होने कहा कि वर्ष 2023 आजसू पार्टी के लिए संघर्ष का वर्ष है ऐसे में पार्टी का हरेक कार्यकर्ता जन-जन के मुद्दों को लेकर मुखर दिखे। सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपनी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत करें। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिले में संगठन के विस्तार और क्षेत्र में पार्टी को मजबूती देने पर भी चर्चा की गई।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं