Smuggling brown sugar: ड्रग के धंधे की किंगपिन निकली रांची की ‘भाभी जी’ [Ranchi’s ‘Bhabhi Ji’ turns out to be the kingpin of the drug trade]

Juli Gupta
3 Min Read

Smuggling brown sugar:

रांची। राजधानी रांची में ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाली ‘भाभी जी’ उर्फ रूबी देवी अब पुलिस की गिरफ्त में है। उसने रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह उत्तर प्रदेश से ब्राउन शुगर मंगवाकर उसमें दूसरा नशीला पाउडर मिलाती थी और रांची में बेचती थी।

Smuggling brown sugar: बिहार की रहनेवाली है भाभी जीः

रांची पुलिस के अनुसार, भाभी जी का असली नाम रूबी देवी है और वह बिहार के सासाराम जिले के कारगर गांव की रहने वाली है। पिछले करीब 10 सालों से वह और उसका पूरा परिवार ब्राउन शुगर की तस्करी में शामिल था। उसका पति इंद्रदेव साह, भाई पिंटू साह, छोटी बहन का पति प्रिंस, देवर सूरज कुमार साह, सभी इसी काम में लगे थे। रांची पुलिस ने इनमें से कई लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।

Smuggling brown sugar: पूरे रांची में ड्रग्स सप्लाई करती थीः

पुलिस की मानें तो रांची के हर थाने में ब्राउन शुगर का धंधा करने वाले लोग ‘भाभी जी’ से ही माल खरीदते थे। यहां तक कि शहर का कुख्यात तस्कर कन्हैया भी उसी से ब्राउन शुगर लेता था और अपने पैडलरों को बेचवाता था। कन्हैया को पकड़ने में पुलिस को लंबा समय लगा था, लेकिन उसके ही एक गुर्गे को अपने पक्ष में कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल वह जेल में है।

Smuggling brown sugar: भाभी जी के खिलाफ रांची के कई थानों में दर्ज है केसः

भाभी जी पर सुखदेवनगर, कोतवाली, लोअर बाजार, गोंदा, खेलगांव, पुंदाग (जगन्नाथपुर), और अरगोड़ा थानों में केस दर्ज हैं। ब्राउन शुगर के कारोबारियों की भीड़ उसके घर पर लगी रहती थी। पुलिस ने उसके घर की कुर्की जब्ती का वारंट लिया था और लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उसने हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत की कोशिश की, लेकिन जमानत नहीं मिली। अंततः उसने खुद ही कोर्ट में सरेंडर कर दिया। फिलहाल रांची पुलिस भाभी जी से तीन दिन की रिमांड पर पूछताछ कर रही है और नशे के इस बड़े नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही और भी कई चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं।

इसे भी पढ़ें

6 करोड़ का ब्राउन शुगर हजारीबाग में पकड़ाया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं