Smart meter:
रांची। रांची और धनबाद के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है। यदि आपके प्रीपेड स्मार्ट मीटर में निर्धारित न्यूनतम बैलेंस नहीं होगा, तो 25 जुलाई 2025 से आपकी बिजली स्वतः कट जायेगी। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड यानी जेबीवीएनएल द्वारा ऑटोमेटिक लाइन डिस्कनेक्शन अभियान 25 जुलाई से शुरू किया जायेगा। इसके तहत स्मार्ट मीटर बैलेंस खत्म होते ही बिजली कनेक्शन स्वतः कट जाएगा।
प़ॉजिटिव बैलेंस बनाये रखेः
जेबीवीएनएल ने रांची और धनबाद के सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए नोटिस जारी किया है। जेबीवीएनएल ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और स्वचालित होगी। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने स्मार्ट मीटर वॉलेट में समय पर रिचार्ज कर पॉजिटिव बैलेंस बनाए रखें, ताकि बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान न हो।
48 लाख बिजली उपभोक्ताओं में 7 लाख स्मार्ट मीटरः
झारखंड में फिलहाल लगभग 48 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब 7 लाख के परिसरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। वर्तमान में 10,000 रुपये या उससे अधिक की राशि बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति पहले से ही स्वतः बंद की जा रही है।
8000 लोगों की बिजली कटीः
इस प्रक्रिया के तहत कोई तकनीशियन नहीं आता, बल्कि मीटर को ऑनलाइन माध्यम से डिस्कनेक्ट कर दिया जाता है। रांची सर्किल में अब तक लगभग 8,000 उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटरों को डिस्कनेक्ट किया जा चुका है।
जेबीएनएल ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे समय पर अपने मीटर में रिचार्ज कर बिजली कटौती से बचें और अनकट बिजली का लाभ उठाते रहें।
इसे भी पढ़ें
बिहार में 125 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी, चुनाव से पहले CM नीतीश का ऐलान1 अगस्त 2025 से मिलेगा फायदा
