रांची : डुमरी विधानसभा उपचुनाव के दौरान असदुद्दीन ओवैसी की सभा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगने का मामला तूल पकड़ने लगा है। बुधवार को केबी हाईस्कूल मैदान में ओवैसी का संबोधन सुनने के लिए जुटी भीड़ में से कई युवकों ने ये नारे लगाए। जब ओवैसी ने झारखंड में पुलिसिया जुल्म पर बोलना शुरू किया तो कुछ युवक पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इसके बाद ओवैसी ने उन्हें टोका और कहा तुम्हे जाकिर लाया है क्या।
उन्होंने हाथ देकर नारा लगा रहे युवकों को ऐसा करने से रोका। इसका वीडियो पूरे क्षेत्र में प्रसारित हो रहा है, इसमें देश विरोधी नारे स्पष्ट सुनाई दे रहे हैं। बहरहाल, जिला प्रशासन तक इसकी शिकायत पहुंच गई है। इस मामले में डुमरी के एसडीएम सहजाद परवेज ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। मामला सही पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरिडीह के डीसी नमन प्रियेश लाकड़ा ने बताया कि एआईएमआईएम उम्मीदवार मोबिन रिजवी, कार्यक्रम के आयोजक मुजफ्फर हसन नूरानी और अन्य के खिलाफ डुमरी पुलिस स्टेशन में देश विरोधी नारे लगाए जाने के मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में गिरिडीह के एसपी दीपक कुमार शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम के लिए जिन्होंने अनुमति ली है उन्होंने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। मामले में एफआइआर दर्ज की जा चुकी है। अनुसंधान के बाद जो तथ्य सामने आयेंगे उसको लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।







