Draupadi Murmu
जमशेदपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 29 दिसंबर को जमशेदपुर और आदित्यपुर में आगमन प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल और जोनल आईजी मनोज कौशिक ने परिसदन जमशेदपुर में कार्यक्रम की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की।
सभी सुरक्षा उपायों पर चर्चा
बैठक में पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के जिला प्रशासनिक अधिकारी, एसएसपी, एसपी और अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रम स्थल तक के परिभ्रमण मार्ग का मैपिंग, यातायात प्रबंधन, निर्माण सामग्री हटाने, आवश्यकतानुसार बेरिकेटिंग, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, ब्रिफिंग और रिहर्सल जैसे सभी सुरक्षा उपायों पर चर्चा हुई।
इसके बाद सचिव और जोनल आईजी ने करनडीह कार्यक्रम स्थल, एनआईटी जमशेदपुर और एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और विधि व्यवस्था की समीक्षा की गई और सभी तैयारियों को समय से पूरा करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी और अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति भी दर्ज की गई।

