Ranchi to Lohardaga train:
रांची। रांची-लोहरदगा-डालटनगंज रूट पर पहली शटल ट्रेन चलाई जायेगी। इससे इस रूट के दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। दक्षिण-पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने रांची-लोहरदगा-डालटनगंज रेलखंड पर पहली बार शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस पहल से यात्रियों के समय और खर्च दोनों में कमी आयेगी। मंडल ने प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेज दिया है।
मंजूरी मिलते ही यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी। नए प्रस्ताव के तहत ट्रेन रात 11 से 12 बजे के बीच डालटनगंज (मेदिनीनगर) से रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सुबह लगभग छह बजे रांची पहुंचेगी। रेल मंडल की योजना इस रूट पर दो ट्रिप चलाने की है, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा।
व्यापार को मिलेगा बढ़ावाः
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस सेवा के शुरू होने से क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। लातेहार, बरवाडीह और लोहरदगा समेत आसपास के इलाकों के लोगों को रांची आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।
रांची से हजारीबाग के बीच भी शटल का प्रस्ताव तैयारः
इसी कड़ी में रांची रेल मंडल ने हजारीबाग के लिए भी रांची–हजारीबाग वाया मेसरा शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे जल्द ही मुख्यालय भेजा जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि नई शटल सेवाएं शुरू होने से क्षेत्रीय रेल नेटवर्क मजबूत होगा और स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इन स्टेशनों पर रूकेगी शटल ट्रेनः
प्रस्तावित शटल ट्रेन टोरी, चेतर, रिचुघुटू, डेमू, लातेहार, बेंदी, कुमेंदी, हेहेगड़ा हॉल्ट, छिपादोह, बरवाडीह, मंगरा, केचकी, चियांकी, बोदाग्राम, बड़किचांपी, हेंदलासो भोकता बगीचा, लोहरदगा, इरगांव, अकासी, नागजुआ, नरकोपी, तंगरबसुली, इटकी, पिस्का और अरगोड़ा जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इस रूट के कई छोटे स्टेशनों को पहली बार नियमित और सुलभ रेल सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है।
