प्लेटलेट्स में सुधार नहीं, 14 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ भी खेलना मुश्किल
नई दिल्ली। टीम इंडिया को पाकिस्तान से होने वाले बड़े मैच के पहले करारा झटका लगा है। टीम के ओपनर शुभमन गिल को चेन्नई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिल डेंगू से जूझ रहे हैं।
चेन्नई के अस्पताल में चल रहा इलाज
गिल को सोमवार सुबह कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। BCCI के डॉक्टर रिजवान खान की देखरेख में डॉक्टरों की एक टीम उन पर नजर रख रही है। गिल के प्लेटलेट्स में सुधार नहीं हो रहा है, यही कारण है कि वह टीम के साथ दिल्ली नहीं गए। टीम मैनेजमेंट को मेडिकल एडवाइज दी गई है कि प्लेटलेट काउंट कम होने पर वे उड़ान भरने से बचें।
अफगानिस्तान के खिलाफ भी नहीं खेलेंगे
इससे पहले BCCI ने एक बयान जारी कर पुष्टि की थी कि गिल अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में नहीं खेलेंगे। इधर, भारत-पाकिस्तान के बीच 14 अक्टूबर को मैच खेला जाएगा। उस मैच में भी गिल के खेलने की संभावना कम है।
..तो सीधे अहमदाबाद जायेंगे
अगर आने वाले दिनों में गिल की हालत में सुधार होता है, तो उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। वे होटल लौट सकते हैं। अगर उनकी हेल्थ ठीक होती है, तो वो सीधा अहमदाबाद जा सकते हैं।
नहीं खेला था पहला मैच
डेंगू के कारण गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का पहला मैच भी नहीं खेले थे। उनकी जगह ईशान किशन ने मैच में ओपनिंग की थी। बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे। BCCI ने 6 दिन पहले बताया था कि पहले मैच के लिए चेन्नई पहुंचने के बाद से शुभमन को तेज बुखार था। उनके टेस्ट किए गए तो डेंगू होने का पता चला।
2023 में वनडे में भारत के टॉप स्कोरर हैं गिल
शुभमन गिल इस साल शानदार फॉर्म में हैं। गिल 2023 में वनडे में भारत के टॉप स्कोरर हैं। इस ओपनर ने 2023 में 20 वनडे मैचों में 72.35 की औसत और 105.03 की स्ट्राइक रेट से 1,230 रन बनाए हैं। उनके 6 वनडे शतकों में से 5 शतक इसी साल आए हैं।







