Shibu Soren awarded Bharat Ratna: शिबू सोरेन को मिलेगा भारत रत्न! जनवरी में घोषणा संभव

Anjali Kumari
4 Min Read

Shibu Soren awarded Bharat Ratna:


रांची। आज का सबसे बड़ा सवाल है कि क्या झारखंड के दिशोम गुरु शिबू सोरेन भारत रत्न से सम्मानित होंगे। क्या जनवरी में इसकी घोषणा होने जा रही है। रांची से लेकर दिल्ली तक के राजनीतिक गलियारों में इसकी खूब चर्चा हो रही है। यहां सवाल उठता है कि झारखंड विधानसभा ने अगस्त 2025 में पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी है, लेकिन अब तक इस पर कोई चर्चा नहीं थी, तो अचानक ही यह मामला इतना चर्चा में क्यों है। दरअसल, यह पूरा मामला राजनीति से जुड़ा है।

याद कीजिए, जब बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा की गई थी, तब नीतीश कुमार बिहार महागठबंधन का हिस्सा थे और राजद-कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार चला रहे थे। परंतु कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने की घोषणा का बिहार की जनता पर ऐसा असर पड़ा कि कुछ दिनों बाद ही नीतीश कुमार महागठबंधन से अलग होकर एनडीए यानी बीजेपी के साथ हो लिये। इसे समझने के लिए एक और उदाहरण है। जब केंद्र सरकार भारत के पूर्ल प्रधानमंत्री और यूपी में जाटों के नेता स्वर्गीय चौघरी चरण सिंह को भारत रत्न दिये जाने की घोषणा की। तब चौधरी जयंत सिंह भी बीजेपी और एनडीए के साथ आ गये। इससे यूपी में एनडीए को जाटों का भरपूर समर्थन मिला।

इन दोनों उदाहरणों को देखने के बाद झारखंड को लेकर भी कयास लगाये जा रहे हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि केंद्र सरकार कुछ ऐसा ही प्रयोग झारखंड में करने जा रही है और अगले साल यानी 2026 में शिबू सोरेन को भारत रत्न दिये जाने की घोषणा हो सकती है। शिबू सोरेन यह सम्मान देकर बीजेपी और केंद्र सरकार न सिर्फ हेमंत सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा का विश्वास हासिल कर सकती है, बल्कि झारखंड के आदिवासियों का भरोसा भी जीत सकती है। झारखंड के राजनीतिक मामलों के विशेषज्ञ पत्रकार अजीत कुमार और दिग्गज राजनीतिक विश्लेषक प्रदीप कुमार सिंह भी ऐसा ही मानते हैं।

इसके पीछे उनका तर्क है कि फिलहाल जो राजनीतिक समीकरण बनते दिख रहे हैं, इसमें यह सबकुछ संभव दिख रहा है। उनका यहां तक कहना है कि केंद्र सरकार इसमें देर नहीं करेगी और जनवरी में ही खरमास बाद गुरुजी को भारत रत्न सम्मान देने की घोषणा हो सकती है। यह बीजेपी का बड़ा स्ट्रेट फारवर्ड शॉट होगा, जो हेमंत सोरेन के लिए लपकना आसान हो सकता है।

बताते चलें कि गुरुजी को भारत रत्न दिये जाने की मांग झारखंड की जनता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थकों द्वारा की जा रही है, क्योंकि उन्होंने अलग झारखंड राज्य और शोषितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था, लेकिन अभी तक यह सिर्फ एक सिफारिश है और केंद्र सरकार को इस पर निर्णय लेना बाकी है।

गुरुजी को झारखंड आंदोलन के जननायक, शोषितों-वंचितों के मसीहा और अलग राज्य के निर्माणकर्ता के रूप में जाना जाता है। उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए उन्हें भारत रत्न देने की मांग की जा रही है।
बीते अगस्त 2025 में गुरुजी का निधन हो गया था, जिसके बाद यह मांग और तेज हुई।

Share This Article