तमिलनाडू के डॉ मदन कुमार के रूप में हुई पहचान
रांची। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के ब्यॉज हॉस्टल नंबर पांच से एक युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ है। हॉस्टल से जला शव मिलने की सूचना से पूरे कैंपस में सनसनी फैल गई। मौके पर पुलिस पहुंची है जांच चल रही है।
जांच के दौरान पता चला कि शव डॉ मदन कुमार का है। वह मूल रूप मदुरै तमिलनाडू के रहने वाले थे। रिम्स में वे फॉरेंसिंक एंड मेडिसिन विभाग के सेकंड इयर के छात्र थे। दोस्तों से मिली जानकारी के अनुसार वे सुबह से गायब थे। वहीं उनका मोबाइल भी रूम में नहीं था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या या आत्महत्या होने की पुष्टि नहीं हुई है। जांच में पाया गया कि हॉस्टल नंबर पांच की छत पर पैरों के निशान है। ऐसे में आशंका जतायी जा रही है कि छात्र खुद शरीर में आग लगा कर छत से कूदा है। वहीं हॉस्टल की छत पर कई जगहों पर मोबिल के अंश भी मिले हैं। सदर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार के अनुसार हत्या या आत्महत्या दोनों ही एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
इस घटना से रिम्स प्रबंधन भी सकते में है। घटना स्थल पर जांच कर रही पुलिस की टीम ने हॉस्टल में रहने वाले दूसरे छात्रों से भी पूछताछ की है। छत पर पाए गए निशान के आधार पर कहा जा रहा है कि छात्र ने खुद पहले अपने शरीर पर मोबिल डाला होगा और आग लगा कर छत से नीचे कूद गया। छात्र का जब शव बरामद किया गया तब उसके शरीर के ऊपरी हिस्से में कोई कपड़ा नहीं था।







