indian cricket team में कई सीनियर्स के रहते MS Dhoni कैसे बन गये कप्तान
मुंबई। महेंद्र सिंह धोनी। टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान। क्या आप जानते हैं, महज तीन साल के करियर में ही महेंद्र सिंह धोनी इंडियन क्रिकेट टीम के कप्तान कैसे बन गये। जबकि उस समय इंडियन टीम में कई सीनियर प्लेयर्स मौजूद थे।
दरअसल, 2007 में जब इंडियन क्रिकेट टीम इंग्लैड दौरे के बाद साउथ अफ्रीका में होनेवाले पहले इंटरनेशनल टी 20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही थी, तब कुछ सीनियर प्लेर्स थके होने के कारण खुद को इस टूर्नामेंट के लिए फिट नहीं समझ रहे थे। इनमें सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड, वीवीएस लक्ष्मण और अनिल कुंबले जैसे खिलाड़ी शामिल थे।
राहुल द्रविड तब मौजूदा टीम के कप्तान थे। उस समय टीम में कुछ बिखराव भी दिख रहा था, जिससे टीम मैनेजमेंट और बीसीसीआइ काफी चिंतित थे। BCCI और मैनेजमेंट के सामने उस समय सबसे बड़ी चिंता टीम के कप्तान को लेकर थी कि किसके सिर पर यह कांटो भरा ताज पहनाया जाये। जी हां, टीम इंडिया की कप्तानी उस समय मौजूदा हालात के कारण कांटो भरा ताज से कम नहीं थी।
टीम में उस समय वीरेंद्र सेहवाग, हरभजन सिंह, गौतम गंभीर, युवराज सिंह और जहीर खान जैसे सीनियर प्लेयर भी थे। परंतु इनमें से कोई ऐसा नहीं दिख रहा था, जो टीम को एक सूत्र में पिरो सके। तब कोई और बेहतर ऑप्शन ना होने के साथ ही धोनी को उनके क्रिकेटिंग कौशल, बॉडी लैंग्वेज, फ्रंट से लीड करने की क्षमता और मैन मैनेजमेंट स्किल्स को देखकर कप्तान बनाया गया।
धोनी का करियर उस समय महज तीन साल का ही था। परंतु कुछ घरेलु प्रतियोगिताओं में वह कप्तानी का जौहर दिखा चुके थे। इसलिए भी मैनेजमेंट और बीसीसीआइ ने उन पर भरोसा किया। तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह लड़का भारत का सबसे सफल कप्तान बनेगा। टीम के दूसरे प्लेयर्स और पूर्व खिलाडि़यों को भी यही लगा कि यह तो आया-गया ही है।
भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप में कुछ खास नहीं कर सकेगी और मैनेजमेंट का यह प्रयोग भी फेल हो जायेगा। हालत यह थी कि किसी ने कल्पना तक नहीं की थी भारतीय टीम वर्ल्ड चैंपियन बनने जा रही है। सबको यही लगता था कि ज्यादा से ज्यादा सेमी फाइनल तक ही टीम पहुंच जाये, तो बहुत है। परंतु धोनी और उनकी कप्तानी सारे मिथकों को तोड़ दिया।
टीम शानदार ढंग से खेली और चैंपियन भी बनी। इतना ही नहीं, इंडियन टीम ने फिर पीछे मुंड़ कर नहीं देखा और लगातार सफलता के शिखर पर चढ़ती चली गयी। इसके बाद भारत ने वन डे वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और अन्य कई प्रतियोगिताएं अपने नाम की।
भारत दुनिया का नंबर वन भी बना। टेस्ट क्रिकेट में भी पहले नंबर पर रहा। पर धोनी के बाद टीम इंडिया एक भी ICC इवेंट नहीं जीत पाई है। विराट कोहली से लेकर रोहित शर्मा तक टीम इंडिया को एक बार भी वर्ल्ड चैम्पियन नहीं बना सके। आज एक बार फिर भारत के नये कप्तान को लेकर चर्चा शुरू हो गयी है। अब रोहित शर्मा की जगह नये बदलाव की बात हो रही है। इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल है कि अब क्या कोई नया धोनी भारत को मिल पायेगा।








