सरयू राय बोले- दीनदयाल को छोड़ अपराधियों संग हो गई बीजेपी

IDTV Indradhanush
3 Min Read

धनबाद। निर्दलीय विधायक सरयू राय धनबाद लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी ढ़ुल्लू महतो के खिलाफ लगातार हमलावर हैं।

उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि दुखद आश्चर्य कि जनसंघ के संस्थापक दीन दयाल जी का उद्धरण देने पर विधायक राज सिन्हा को प्रदेश भाजपा ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

वहीं पार्टी भाजपा के चाल, चरित्र, चेहरा पर अपराध और जमीन कब्जा का बदनुमा दाग लगाने वाले और चुनाव में सांसद-विधायक को गरियाने वाले प्रत्याशी के पक्ष में खड़ी हो गयी है।

सरयू राय ने ढ़ुल्लू महतो का प्रचार करने बोकारो पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी गारंटी मांगी है।

उन्होंने कहा कि बोकारो की सभा में राजनाथ सिंह गारंटी दें कि भाजपा के धनबाद प्रत्याशी ने लेढ़ीडुमर के राजपूतों, दरिदा-चिटाही के तेलियों, मुसलमानों व अन्य पिछड़ों की, जो 200 एकड़ जमीन पर कब्जा किया है, उसे लौटा देंगे। अगर यह गारंटी नहीं देते हैं, तो वोट नहीं मांगे।

बता दे कि प्रदेश भाजपा ने सांसद जयंत सिन्हा और धनबाद के विधायक राज सिन्हा को नोटिस जारी किया है।

उनसे पूछा गया है कि उन्होंने भाजपा प्रत्याशी ढ़ुल्लू महतो के पक्ष में प्रचार क्यों नहीं किया। क्यों चौक-चौराहों पर ऐसे बयान दिये, जो भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ जाते हैं।

दरअसल पिछले दिनों राज सिन्हा ने चित्रगुप्त महापरिवार के मतदाता जागरुकता अभियान में जनसंघ के संस्थापक दीन दयाल उपाध्याय का उद्धरण दिया था।

उन्होंने कहा था कि हो सकता है कि पार्टी से प्रत्याशी के चयन में भूल हो जाये, लेकिन कार्यकर्ता को उसे सुधार करना चाहिए।

साथ ही कहा था कि प्रत्याशी के गुण दोष को कसौटी पर रखकर मतदान करें। राज सिन्हा ने जिस कार्यक्रम में यह बात कही थी, उस कार्यक्रम में धनबाद और बोकारो के कायस्थ समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

उनके इस बयान के बाद ही प्रदेश भाजपा ने राज सिन्हा को नोटिस जारी किया है।

इसे भी पढ़ें

राजनाथ सिंह, केजरीवाल और भगवंत मान आज झारखंड में, कल प्रियंका और हेमंत बिश्वा आयेंगे

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं