Sarvajan Pension Yojana: सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची में 2.5 लाख लाभुकों को जनवरी पेंशन का भुगतान किया गया

1 Min Read

Sarvajan Pension Yojana

रांची। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले में जनवरी माह की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार जिले के कुल 2,50,309 लाभुकों के बैंक खाते में सीधे DBT के माध्यम से 25 करोड़ 3 लाख 9 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। प्रत्येक लाभुक को 1,000 रुपये की पेंशन राशि दी गई।

पेंशन स्कीमों में लाभार्थियों की संख्या

योजना के अंतर्गत विभिन्न पेंशन स्कीमों में लाभार्थियों की संख्या इस प्रकार रही: मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 340 लाभुक, एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 426 लाभुक, मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,81,617 लाभुक, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 47,988 लाभुक, स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 19,930 लाभुक और ट्रांसजेंडर/तृतीय लिंग के व्यक्तियों हेतु मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 8 लाभुक शामिल हैं।

आधार सीडिंग अनिवार्य

जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य बताया है ताकि योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे। साथ ही, लाभुकों से अपने संबंधित प्रखण्ड/अंचल में भौतिक सत्यापन कराने का अनुरोध भी किया गया है।

Share This Article