रांची : जदयू के हरमू रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। मौके पर पार्टी महासचिव श्रवण कुमार ने जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो के संदेश को पढ़कर सुनाया।
उन्होंने कहा कि आज जब देश में मणिपुर जल रहा है, किसानों में असंतोष है, युवा अलग अलग हिस्सों में अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत हैं, देश में एका की सख्त जरूरत है।
आज राष्ट्रीय एकता दिवस पर हमें सरदार पटेल के आदर्शों पर चलते हुए , नैतिक मूल्यों पर आधारित राजनीति के मार्फ़त देश को आगे ले जाना है। उन्होंने कहा कि पटेल किसी के प्रति भी पूर्वाग्रह से ग्रसित नहीं थे। और , उनकी दृष्टि में विकास सभी के लिए जरूरी रहा।
गांधी जी की हत्या से वे इतने दुःखी थे कि दूसरे पर आरोप लगाने से पहले राजनीतिक जिम्मेदारी लेते हुए वे गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद से भी त्यागपत्र देने को तैयार थे। नेहरू के बहुत मनाने पर वे माने।
ये राजनीतिक सुचिता आज के समय में गायब है। आने वाली युवा पीढ़ी को उनको पढ़ना और समझना चाहिए। ये उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर पार्टी के डॉ आफताब जमील, प्रदेश उपाध्यक्ष, भगवान सिंह, प्रदेश महासचिव, संजय कुमार सिंह, विनय भरत समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।







