Sanjay Seth
रांची। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और रांची में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई मांगें रखीं। उन्होंने रेल मंत्री को रांची को मिल रही रेल परियोजनाओं के लिए धन्यवाद दिया और एक आग्रह पत्र सौंपा। संजय सेठ ने बताया कि रांची से रोज बड़ी संख्या में लोग विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण शहरों से सीधी ट्रेन न होने के कारण यात्रियों को परेशानी होती है। इसलिए नई ट्रेनों के परिचालन और मौजूदा ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने हटिया-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस को जयपुर तक बढ़ाने, रांची-अहमदाबाद नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने, रांची-चेन्नई और रांची-हरिद्वार नई ट्रेनों की शुरुआत, रांची-लोहरदगा पैसेंजर ट्रेन के फेरे बढ़ाने, रांची-सिल्ली-मुरी रूट पर नई मेमू ट्रेन चलाने, हटिया-सांकी पैसेंजर/एक्सप्रेस को बरकाकाना–हजारीबाग टाउन तक बढ़ाने, रांची-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस को हफ्ते में तीन दिन बक्सर होकर चलाने और हटिया-पुणे, हटिया-एलटीटी, हटिया-बेंगलुरु एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की मांग रखी। संजय सेठ ने उम्मीद जताई कि इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय होने से रांची और पूरे झारखंड के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।







