लगेज के साथ पहुंचे सर्किट हाउस
रांची। झारखंड में तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच सत्तापक्ष के तमाम विधायक राजधानी रांची पहुंचने लगे हैं। सभी के रूकने की व्यवस्था सर्किट हाउस में की गई है। सरकार के मंत्री और सत्ता पक्ष के सभी विधायक रांची के सर्किट हाउस में जमा हो रहे हैं।
सुबह से ही विधायकों का आने का सिलसिला जारी है। मंत्री जोबा मांझी, हफीजुल हसन, विधायक इरफान अंसारी, अंबा प्रसाद समेत कई विधायक पूरे लगेज के साथ सर्किट हाउस में पहुंच चुके हैं। इससे पहले से ही सर्किट हाउस में कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी चल रही है।
कहा जा रहा है कि बैठक में मौजूदा हालात पर चर्चा की जा रही है। सर्किट हाउस के बाहर भी कांग्रेस और झामुमो के कुछ समर्थक मौजूद हैं। वहीं कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि मौजूदा हालात से आलाकमान को भी अवगत करा दिया गया है।
सीएम कहां हैं पता नहीं: झामुमो
वहीं, सर्किट हाउस में पहले मौजूद झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि यहां तानाशाहों से निपटने की रणनीति तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि वह कहां है, इस बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते।
थोड़ा इंतजार कीजिए सब कुछ साफ हो जायेगा। बहरहाल विधायकों के जुटान से सर्किट हाउस में गहमा-गहमी बढ़ गई है। मीडियाकर्मी भी बड़ी संख्या मं यहां पहुंचे हुए हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
इसे भी पढ़ें








