RU के शिक्षकों ने सड़क पर पकौड़े बेचकर जताया विरोध [RU teachers protested by selling pakodas on the road]

2 Min Read

रांची। रांची विश्वविद्यालय के 124 अतिथि शिक्षक अपने समायोजन की मांग को लेकर राजभवन के समक्ष आंदोलन कर रहे हैं। बीते रविवार को शिक्षकों ने पकौड़े तलकर सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

नीड बेस्ड में समायोजन की मांगः

अतिथि शिक्षक संघ के बैनर तले प्रदर्शनकारी नारे लगा रहे थे— “तानाशाह कुलपति अजीत कुमार सिन्हा इस्तीफा दो !” और “उच्च शिक्षा सचिव राहुल पुरवार इस्तीफा दो!”। संघ अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने कहा कि हेमंत सरकार के अंतिम कैबिनेट में अतिथि शिक्षकों को आवश्यकता आधारित शिक्षक के रूप में समायोजित करने का प्रस्ताव पारित हुआ था। लेकिन उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा जारी संकल्प इतना भ्रामक निकला कि समायोजन की जगह निष्कासन की स्थिति उत्पन्न हो गई।

परिणामस्वरूप, शिक्षकों को अब सड़क पर पकौड़े बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है, जबकि उनकी नियुक्ति आवश्यकता आधारित शिक्षक से पहले ही राज्य सरकार द्वारा की गई थी।

गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रहेः शिक्षक

संयोजक डॉ. धीरज कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि 1609 संकल्प को तत्काल खारिज कर शिक्षकों को विश्वविद्यालय द्वारा अनुशंसा कर आवश्यकता आधारित शिक्षक के रूप में समायोजित किया जाए। वहीं, राजू हजम ने कहा कि कुलपति अजीत कुमार सिन्हा और उच्च शिक्षा सचिव राहुल पुरवार की गलत नीतियों का खामियाजा शिक्षकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द संज्ञान लेकर समाधान निकालने की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल शिक्षक:

डॉ. रीना कुमारी, दीपशिखा, सूरज विश्वकर्मा, राजू हजम, डॉ. ताल्हा नकवी, निहारिका महतो, शाहबाज आलम, डॉ. नाजिश हुसैन, डॉ. अभिषेक, डॉ. चक्षु पाठक, पूनम कुमारी, सतीश तिर्की, रफत आशीष प्रसाद, सबील लकड़ा, डॉ. सुल्ताना परवीन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें

पुलिस ने किसानों से शंभू-खनौरी बॉर्डर खाली कराया, 13 महीने से चल रहा था आंदोलन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं