Bulldozers in RIMS
रांची। रिम्स परिसर में हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को एक बार फिर बुलडोजर चला। रिम्स स्थित डीआईजी ग्राउंड में शुक्रवार सुबह नगर निगम और जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई झारखंड हाईकोर्ट के उस आदेश के बाद तेज की गई है, जिसमें रिम्स की जमीन को हर हाल में अतिक्रमणमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की टीम सुबह ही भारी पुलिस बल और बुलडोज़र के साथ मौके पर पहुंची थी। खास बात यह रही कि यह कार्रवाई मंत्री रामेश्वर उरांव के घर के ठीक पास हुईष यहां स्थानीय लोगों के भारी विरोध के बीच अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान का नेतृत्व एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट सायना तिग्गा और बड़गाई के CO विजय कुमार दास कर रहे थे। मजिस्ट्रेट सायना तिग्गा ने बताया कि कोर्ट का आदेश स्पष्ट है- डीआईजी ग्राउंड के सभी हिस्सों से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी थी, ताकि किसी तरह की बाधा या विवाद की स्थिति न बने। प्रशासन ने साफ कहा है कि सार्वजनिक परिसरों पर किसी भी तरह का अवैध ढांचा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब तक कई अस्थायी और पक्के निर्माणों को तोड़ा जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पूरा डीआईजी ग्राउंड खाली नहीं हो जाता। रिम्स के आसपास चल रही इस कार्रवाई से इलाके में प्रशासनिक हलचल बढ़ी हुई है। अभियान रे दौरान लोग बड़ी संख्या में मौके जुटे रहे।








