Sub-inspector bribery case: 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाला राजस्व उप निरीक्षक निलंबित

2 Min Read

Sub-inspector bribery case

गढ़वा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए भंडरिया अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देश पर की गई। मामला 3 फरवरी को आयोजित जनता दरबार में मिली एक लिखित शिकायत के बाद सामने आया।

शिकायतकर्ता का आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मौजा जनेवा स्थित जमीन (खाता संख्या 111, प्लॉट संख्या 863, रकबा 4.28 एकड़) की जांच रिपोर्ट आगे बढ़ाने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप के समर्थन में शिकायतकर्ता ने कॉल रिकॉर्डिंग भी प्रशासन को सौंपी थी।

जांच में आरोपों की पुष्टि

मामले की जांच अपर समाहर्ता राज महेश्वरम को सौंपी गई। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि हुई। बताया गया कि संबंधित राजस्व उप निरीक्षक ने अपने स्पष्टीकरण में रुपये मांगने की बात स्वीकार कर ली। इसे सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए झारखंड सरकारी सेवक नियमावली 2016 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय खरौंधी निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही भंडरिया अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि शीघ्र आरोप पत्र तैयार कर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि जिले में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम जनता से भी ऐसी शिकायतें सामने लाने की अपील की है।

Share This Article
Exit mobile version