Residential school student death: आवासीय विद्यालय में कक्ष एक के छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप

2 Min Read

Residential school student death

लातेहार। लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र स्थित वीर बुद्धू भगत आवासीय विद्यालय, सिंजो में पढ़ने वाले कक्षा एक के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उज्जवल लोहरा (10 वर्ष), पिता बलराम लोहरा, निवासी लक्ष्मीपुर गांव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है और साथ ही लोगों में आक्रोश भी फैला हुआ है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, एक जनवरी को स्कूल की ओर से पिकनिक का आयोजन किया गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह छात्र उज्जवल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। विद्यालय संचालक सत्येंद्र यादव ने बताया कि बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक इलाज के लिए मनिका सेवा सदन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए उसे लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई।

परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लगाया आरोप

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उज्जवल की मां अनीता देवी का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें सूचना दी जाती और बेहतर इलाज की व्यवस्था की जाती, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। परिजनों का आरोप है कि बच्चे की तबीयत बिगड़ने की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई और इलाज में देरी हुई।

घटना से नाराज परिजन और स्थानीय ग्रामीण निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर परिजन लातेहार थाना पहुंचे, जहां विद्यालय संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article